नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. आज से एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देश के 11 और शहरों तक बढ़ गई है. इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब देश के कुल 16 शहरों से सीधे जुड़ गया है. इससे पहले यहां से हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर और जम्मू के लिए उड़ानें संचालित हो रही थीं.
नई उड़ानों में इंडिगो एयरलाइंस ने नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, धर्मशाला, लखनऊ, जयपुर, चंडीगढ़ और बरेली के लिए अपनी उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं. वहीं किशनगढ़ के लिए उड़ान सेवा गुरुवार से शुरू होगी.
यह भी पढ़ें: नोएडा का ₹390 करोड़ का नया मुख्यालय तैयार, जानें क्यों है ये नया ऑफिस खास
15 जून को यात्री सेवाएं शुरू होने के बाद इंडिगो ने लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु और अमृतसर के लिए उड़ानें शुरू की थीं. जून के दौरान जम्मू के लिए भी इंडिगो की सेवा शुरू हुई, जबकि अकासा एयर ने बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए अपनी फ्लाइट शुरू की थी.
टेकऑफ-लैंडिंग करने वाले विमानों की संख्या बढ़ेगी
नई उड़ानों के शुरू होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद है. इसके साथ ही रोजाना टेकऑफ और लैंडिंग करने वाले विमानों की संख्या बढ़कर 48 तक पहुंच जाएगी. हालांकि, बरेली के लिए सप्ताह में चार दिन और किशनगढ़ के लिए सप्ताह में तीन दिन ही उड़ान सेवा उपलब्ध रहेगी.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. एयरपोर्ट पर आधुनिक सुविधाएं और सुगम संचालन सुनिश्चित किया गया है.
यह भी पढ़ें: नोएडा-गाजियाबाद में 101 रुपये पेट्रोल, जानिए अन्य शहरों में कितना है रेट
नई उड़ानें शुरू होने से आसपास के लोगों को फायदा
माना जा रहा है कि नई उड़ानों के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा, जिनकी नए जोड़े गए शहरों के लिए यात्रा आसान होगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. एयरपोर्ट के विस्तार के साथ आने वाले समय में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का नेटवर्क और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है.
अरुण त्यागी