चीन के शांक्सी प्रांत में एक कोयला खदान में गैस विस्फोट हुआ जिसमें कम से कम 90 लोगों की जान चली गई. यह चीन में पिछले 16 साल में सबसे बड़ा खदान हादसा है. इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और वहां के लोगों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं.
चीन के शांक्सी प्रांत में शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा हुआ. यहां किनयुआन काउंटी में मौजूद लिउशेनयू कोयला खदान में गैस विस्फोट हो गया. उस वक्त खदान के अंदर 247 मजदूर काम कर रहे थे.
इस धमाके में अब तक कम से कम 90 लोगों की मौत हो चुकी है. यह 2009 के बाद चीन में खदान में हुई सबसे बड़ी दुर्घटना है. 2009 में हेइलोंगजियांग प्रांत में कोयला और गैस विस्फोट में 108 लोग मारे गए थे और 133 घायल हुए थे.
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि भारत के लोगों की तरफ से वे राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीन की जनता के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो परिवार अपने लोगों को खो चुके हैं उन्हें इस मुश्किल वक्त में ताकत मिले. साथ ही उन्होंने लापता सभी लोगों की जल्द और सुरक्षित वापसी की दुआ भी मांगी.
यह भी पढ़ें: मस्क को चीन के जासूसों ने कराया डिनर? ट्रंप के बीजिंग दौरे को लेकर सनसनीखेज दावा
कौन चला रहा था यह खदान?
यह खदान शांक्सी तोंगझोउ ग्रुप लिउशेनयू कोल इंडस्ट्री कंपनी चला रही है. यह कंपनी 2010 में बनी थी और शांक्सी तोंगझोउ कोल कोकिंग ग्रुप इसे कंट्रोल करता है. हादसे के बाद इस कंपनी के अफसरों को हिरासत में ले लिया गया है.
बचाव काम जारी
राहत और बचाव का काम अभी भी चल रहा है. अभी भी कई लोग लापता हैं. किनयुआन के लोकल इमरजेंसी विभाग ने बताया कि हादसे की वजह की जांच हो रही है. शांक्सी प्रांत ने 7 रेस्क्यू और मेडिकल टीमें भेजी हैं जिनमें कुल 755 लोग शामिल हैं.
aajtak.in