पश्चिम बंगाल में चोरबागान पंडाल को सरकार द्वारा बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड से नवाजा गया था. इस पूजा को सूचना एजेंसी ने देवी दुर्गा सम्मान 2026 से सम्मानित किया. शनिवार रात यहां भगदड़ मच गई. इस भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं. इस हादसे में पुलिस ने अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया है. इसमें इसके आयोजक भी शामिल हैं.
पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा 'देवी दुर्गा सम्मान 2026' के तहत 'बेस्ट ऑफ द बेस्ट' श्रेणी में चोरबागान सरबोजिनिन पंडाल को तीसरा स्थान मिला था.
इस पंडाल में हर साल ही लोगों की भीड़ देखने को मिलती है. इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि यहां हर साल अलग-अलग थीम पर पंडाल तैयार किया जाता है. इस साल की थीम 'बियॉन्ड साउंड' थी.
दरअसल, इस पंडाल में इस साल शहरी जीवन के शोर-शराबे और कोलाहल के विपरीत एक शांत, ध्यानमग्न और आत्मनिरीक्षण वाले वातावरण को दर्शाया गया है. पंडाल के भीतर मां दुर्गा की प्रतिमा भी बिना किसी अस्त्र-शस्त्र के अत्यंत शांत और ध्यानमग्न मुद्रा में स्थापित की गई है.
साल 2025 में स्रोतोस्विनी थीम पर पंडाल तैयार किया गया था. यह थीम समय के निरंतर प्रवाह और सभ्यता के विकास पर आधारित थी. पंडाल के अंदर प्राचीन और आधुनिक घड़ियों के जरिए समयकाल को दिखाया गया था. मां दुर्गा की मूर्ति को एक नाव पर तैरते हुए प्रदर्शित किया गया था.
यह भी पढ़ें: दुर्गा पूजा से महाकुंभ तक, देश में कब-कब मची भगदड़? इन बड़े हादसों में गई सैकड़ों लोगों की जान
साल 2024 में 'दुग्गा' थीम पर पंडाल बनाया गया था. इसे नारी शक्ति को समर्पित किया गया था. इस पंडाल में समाज में विभिन्न रूपों जैसे मां, पत्नी, बेटी आदि के रूप में महिलाओं की भूमिका, उनके संघर्ष को प्रदर्शित किया गया था.
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
इस हादसे में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. वहीं, प्रधानमंत्री ने भी मृतकों के परिवार के लिए आर्थिक मुआवजे का ऐलान किया है.
एक अधिकारी ने बताया, 'हमने चोरबागन की घटना की जांच के सिलसिले में 12 लोगों को हिरासत में लिया. हमारे अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह घटना किस कारण हुई. अगर कोई लापरवाही सामने आती है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.'
SIT गठित
कोलकाता के चोरबागान स्थित सर्बोजनिन पंडाल में महासप्तमी के दिन बारिश के बीच अचानक भगदड़ मच गई. मुख्यमंत्री ने इस घटना की जांच के लिए SIT का गठन कर दिया है. हाई कोर्ट के मौजूदा जज इसकी अध्यक्षता करेंगे. इस SIT में एसटीएफ (STF), सीआईडी (CID) और अन्य विभागों के सदस्य भी रहेंगे.
कोलकाता पुलिस के एंटी राउडी सेक्शन (ARS) ने घटना के समय की उस जगह की सीसीटीवी फुटेज जुटा ली है. अधिकारी ने बताया कि फुटेज की जांच की जा रही है. मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि भीड़ को संभालने में नाकाम रहने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ कहा है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
इंद्रजीत कुंडू