ईरान-इजरायल जंग का भारत की उड़ानों पर भारी असर, रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स कैंसिल

मध्य पूर्व में तनाव के कारण भारतीय एयरलाइंस की उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुईं और रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं. एयरस्पेस प्रतिबंधों के चलते एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने कई सेवाएं निलंबित कीं. 28 फरवरी को भी 410 उड़ानें रद्द हुई थीं. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने खाड़ी देशों की उड़ानों का निलंबन 2 मार्च तक बढ़ाया है. यात्रियों को री-शेड्यूलिंग और फुल रिफंड की सुविधा दी गई है. दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर भी 225 उड़ानें प्रभावित रहीं.

Advertisement
रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं. Photo ITG रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं. Photo ITG

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:54 PM IST

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों और खाड़ी क्षेत्र में एयरस्पेस बंद होने के बाद परिचालन बाधाएं दूसरे दिन भी जारी रहीं, जिसके चलते रविवार को इंडियन एयरलाइंस ने 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं. हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा चिंताओं के चलते एयर इंडिया और इंडिगो ने भी उन उड़ानों को रद्द कर दिया जो इन एयरस्पेस का इस्तेमाल करती हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को X पर पोस्ट कर बताया, 'मध्य पूर्व में चल रही जंग से उत्पन्न एयरस्पेस प्रतिबंधों के मद्देनजर 01.03.2026 को भारतीय घरेलू एयरलाइंस द्वारा संचालित कुल 350 उड़ानें रद्द की गई हैं.'

Advertisement

कल 410 उड़ानें हुई थीं रद्द
इससे पहले रात में मंत्रालय ने X पर कहा था कि ईरान और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों के ऊपर एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण रविवार को 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द होने की संभावना है. मंत्रालय ने 28 फरवरी को बताया था कि घरेलू एयरलाइंस की 410 उड़ानें रद्द हुई थीं.

एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने X पोस्ट के जरिए अपनी रद्द उड़ानों की जानकारी दी. एयर इंडिया ने रविवार सुबह बताया कि उसने 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं, इसके अलावा 28 उड़ानें पहले ही 28 फरवरी को रद्द करने की घोषणा की गई थी.

स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द
स्पाइसजेट के मुताबिक यूएई से आने-जाने वाली 33 उड़ानें रद्द की गई हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए और वहां से आने वाली उड़ानों का निलंबन 2 मार्च तक बढ़ा दिया है.

Advertisement

इंडिगो ने भी कहा कि मध्य पूर्व के एयरस्पेस का इस्तेमाल करने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन 2 मार्च तक बढ़ा दिया गया है. सभी एयरलाइंस ने X पर पोस्ट के जरिए अपडेट दिए, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अलग से बयान जारी किया.

पूरे रिफंड का विकल्प
इस बीच मंत्रालय ने कहा कि वह एयरलाइंस, एयरपोर्ट ऑपरेटरों के साथ करीबी समन्वय में स्थिति की निगरानी कर रहा है और यात्रियों की सहायता के लिए जरूरी कदम उठा रहा है. एयरलाइंस यात्रियों को री-शेड्यूलिंग और कैंसिलेशन शुल्क में छूट भी दे रही हैं. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि 28 फरवरी तक की गई बुकिंग, जिनकी यात्रा 5 मार्च तक तय थी, उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के फ्लाइट री-शेड्यूल करने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प मिलेगा.

यह सुविधा मध्य पूर्व आने-जाने वाली उन यात्राओं के लिए है जो मौजूदा स्थिति से प्रभावित हुई हैं. रविवार को दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर कम से कम 225 उड़ानें (आगमन और प्रस्थान दोनों) रद्द की गईं.

कहां से कितनी उड़ानें हुईं रद्द?
रविवार को मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल 225 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं. सूत्रों के मुताबिक, इनमें मुंबई एयरपोर्ट पर 125 और दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 100 उड़ानें शामिल हैं.
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर 60 अंतरराष्ट्रीय डिपार्चर और 40 अराइवल उड़ानें रद्द हुई हैं. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने X पर पोस्ट कर कहा कि मध्य पूर्व की बदलती राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में व्यवधान या शेड्यूल बदलाव हो सकता है. DIAL राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करता है.

Advertisement

मुंबई एयरपोर्ट से 125 उड़ानें रद्द
दूसरी ओर, मुंबई एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर 2:30 बजे तक कुल 125 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 67 प्रस्थान और 58 आगमन शामिल हैं. पश्चिम एशिया में हालात को देखते हुए पार्किंग स्पेस की कमी के कारण मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने शनिवार रात 9 बजे से 1 मार्च सुबह 8 बजे तक डायवर्ट होने वाली किसी भी उड़ान को स्वीकार नहीं करने के लिए NOTAM जारी किया था. यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि कई उड़ानें अपने मूल स्थान पर लौट रही थीं या नजदीकी एयरपोर्ट की ओर मोड़ी जा रही थीं. निजी ऑपरेटर मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने भी अतिरिक्त डायवर्जन स्वीकार नहीं करने के लिए NOTAM जारी किया.

अमृतसर एयरपोर्ट पर भी असर
रविवार को अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी 10 उड़ानें रद्द हुईं. एडवाइजरी के अनुसार, दो कतर एयरवेज उड़ानें (दोहा-अमृतसर और अमृतसर-दोहा) रद्द की गईं. इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार उड़ानें दुबई-अमृतसर, अमृतसर-शारजाह, शारजाह-अमृतसर और अमृतसर-दुबई भी रद्द हुईं. स्पाइसजेट की दुबई-अमृतसर और अमृतसर-दुबई की दो उड़ानें तथा इंडिगो की शारजाह-अमृतसर और अमृतसर-शारजाह की दो उड़ानें भी रद्द की गईं. शनिवार को भी दुबई और शारजाह जाने वाली कुछ उड़ानें प्रभावित हुई थीं.

अधिकारियों ने कहा कि शनिवार की एडवाइजरी के क्रम में और मध्य पूर्व में जारी एयरस्पेस प्रतिबंधों के चलते उड़ानें रद्द की गई हैं. यात्रियों से कहा गया है कि वे रीबुकिंग/रिफंड और ताजा शेड्यूल के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क में रहें. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और अन्य एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है.

Advertisement

प्रमुख एयरपोर्ट्स को संभावित डायवर्जन और यात्री प्रबंधन के लिए अलर्ट पर रखा गया है. यात्री सहायता, एयरलाइन समन्वय और टर्मिनल भीड़ प्रबंधन की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं. मंत्रालय के पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम (PACR) ने 28 फरवरी को AirSewa पर दर्ज 216 शिकायतों में से 105 का उसी दिन निपटारा किया.

AI131/AI130: मुंबई-लंदन (हीथ्रो) / लंदन-मुंबई

AI113/AI118: दिल्ली-बर्मिंघम / बर्मिंघम-दिल्ली

AI155/AI156: दिल्ली-एम्स्टर्डम / एम्स्टर्डम-दिल्ली

AI151/AI152: दिल्ली-ज्यूरिख / ज्यूरिख-दिल्ली

AI137/AI138: दिल्ली-मिलान / मिलान-दिल्ली

AI153/AI154: दिल्ली-वियना / वियना-दिल्ली

AI133/AI132: बेंगलुरु-लंदन (हीथ्रो) / लंदन-बेंगलुरु

AI157/AI158: दिल्ली-कोपेनहेगन / कोपेनहेगन-दिल्ली

AI2017/AI2018 और AI2015/AI2016: दिल्ली-लंदन (हीथ्रो) / लंदन-दिल्ली

AI2029/AI2030: दिल्ली-फ्रैंकफर्ट / फ्रैंकफर्ट-दिल्ली

2 मार्च तक कई उड़ानें निलंबित
मध्य पूर्व की स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने यूएई, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए सभी उड़ानों का निलंबन 2 मार्च 2026 रात 11:59 बजे तक बढ़ा दिया है. इसके अलावा 2 मार्च को यूरोप जाने वाली कुछ उड़ानें और उनकी वापसी उड़ानें भी रद्द की गई हैं, जिनमें अमृतसर-बर्मिंघम (AI117), दिल्ली-ज्यूरिख (AI151/152), दिल्ली-कोपेनहेगन (AI157/158) और बर्मिंघम-दिल्ली (AI114) शामिल हैं.

एयर इंडिया एक्सप्रेस का बयान
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए उड़ानों का निलंबन 2 मार्च 2026 रात 11:59 बजे तक बढ़ा दिया है. प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड कांटेक्ट डिटेल के जरिए सूचित किया जा रहा है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे airindiaexpress.com पर अपनी उड़ान की स्थिति जांचते रहें और अपने संपर्क विवरण अपडेट रखें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement