इंडिया पोस्ट (भारतीय डाक) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में अब तक का सबसे अधिक कारोबार दर्ज करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है. डाक विभाग का टर्नओवर 4,008.95 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत अधिक है. पहली बार इंडिया पोस्ट का पहली तिमाही का कारोबार 4,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है. यह जानकारी केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित डाक विभाग की तिमाही बिजनेस रिव्यू बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी.
बैठक में पोस्टल निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देश के सभी 23 पोस्टल सर्किलों के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शामिल हुए. केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया पोस्ट के आधुनिक, नागरिक-केंद्रित और विकासोन्मुख संगठन के रूप में हुए बदलाव का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि यह सफलता डाक विभाग के कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और देशभर में बेहतर एवं नवाचार आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों का नतीजा है.
इन सेवाओं में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
बैठक में विभाग के छह प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों की समीक्षा की गई. इनमें सबसे अधिक 85.7 प्रतिशत की वृद्धि सिटिजन-सेंट्रिक सर्विसेज में दर्ज की गई. इसके अलावा पार्सल सेवाओं में 49.9% की वृद्धि, मेल सेवाओं में 41.9% की वृद्धि, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 34.3% की वृद्धि, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस में 20.1% की वृद्धि, पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक में 9.7% की वृद्धि दर्ज की गई. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह प्रदर्शन इंडिया पोस्ट के डायवर्सिफाइड बिजनेस मॉडल और नागरिकों को प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है.
मंत्री सिंधिया ने तय की आगे की भी रणनीति
केंद्रीय मंत्री ने आने वाली तिमाहियों के लिए विभाग की तीन प्रमुख प्राथमिकताएं तय कीं. इनमें लॉजिस्टिक्स और अंतरराष्ट्रीय कारोबार को मजबूत करना, एमएसएमई, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), पर्यटन और कृषि के जरिए नए व्यावसायिक अवसर बढ़ाना और नागरिक सेवाओं, वित्तीय समावेशन, बीमा और ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को और सशक्त बनाना शामिल है. इन लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 23 पोस्टल सर्किलों को तीन समूहों में बांटकर प्रत्येक समूह को अलग-अलग रणनीतिक जिम्मेदारियां सौंपने का प्रस्ताव भी रखा गया.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विश्वास जताया कि आने वाले महीनों में इंडिया पोस्ट नए रिकॉर्ड बनाएगा. उन्होंने कहा, 'वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन केवल वित्तीय उपलब्धि नहीं, बल्कि उन करोड़ों नागरिकों के विश्वास का प्रतीक है जो हर दिन इंडिया पोस्ट पर भरोसा करते हैं. लक्ष्य इंडिया पोस्ट को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, प्रौद्योगिकी-संचालित और नागरिक-प्रथम संगठन बनाना है.'
अनमोल नाथ