देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. कई राज्यों में बारिश के बाद तेज गर्मी से राहत मिली है. उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मेघालय, तमिलनाडु और केरलम के कई इलाकों में बारिश हुई. बिहार के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश दर्ज की गई.
वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई है. जबकि राजस्थान में धूल भरी आंधी देखने को मिली.
अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. शनिवार को राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि रविवार के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें: मैदानों में हाय गर्मी! पहाड़ों पर Chill करने पहुंचे लोग, नैनीताल में पर्यटकों का जमावड़ा
आज शाम फिर होगी दिल्ली-NCR में बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, जो बाद में पूरी तरह बादलों से घिर सकता है. शाम और रात के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. राजधानी के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान सामान्य से नीचे रहेगा.
आईएमडी ने 31 मई को उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है.
आंधी-तूफान से तबाही
एक ओर जहां मौसम में बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया है. बारिश और तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के चलते भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं.
कुछ इलाकों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने कहर बरपाया. कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, टिनशेड उड़ गए, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
aajtak.in