हिमंता बिस्वा सरमा को असम विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) का नेता चुना गया है. वह 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस बैठक में नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे.
बैठक के बाद जेपी नड्डा ने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने सरमा का नाम विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया. इससे पहले, असम भाजपा विधायक दल की बैठक सुबह यहां आयोजित की गई, ताकि अपना नेता चुना जा सके जो पूर्वोत्तर राज्य में नई सरकार का नेतृत्व भी करेगा.
नड्डा ने कहा कि गठबंधन के अन्य सहयोगियों- असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने भी सरमा के नामांकन का समर्थन किया, जिसके चलते उन्हें सर्वसम्मति से एनडीए का नेता चुन लिया गया.
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी क्या बीजेपी को हिमंता बिस्वा सरमा जितना फायदा दिला पाएंगे?
अधिकारियों ने बताया कि सरमा और एनडीए के अन्य नेताओं का रविवार देर शाम लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मिलने का कार्यक्रम है, ताकि सरकार गठन से संबंधित मामलों पर चर्चा की जा सके. उम्मीद है कि वे राज्यपाल के साथ बैठक के दौरान अगली सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है. 126 सदस्यीय सदन में भाजपा ने 82 सीटें सुरक्षित कीं, जबकि उसके सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की.
इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और एनडीए (NDA) के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. हिमंता बिस्वा सरमा की इस ताजपोशी के साथ ही असम में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी.
पीयूष मिश्रा