देश के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी को दिए गए पद्म श्री सम्मान को वापस लेने की मांग उठी है. हिंदू सेना ने इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपा है. संगठन का कहना है कि अंसारी के पुराने मामलों और हालिया बयानों को देखते हुए उनसे यह सम्मान वापस लिया जाना चाहिए.
हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने मंगलवार को जारी बयान में यह मांग की. संगठन ने इसके पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पुराने आरोपों के साथ अंसारी के सार्वजनिक बयानों का हवाला दिया है. साथ ही, इन मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की है.
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों का दिया हवाला
हिंदू सेना ने अपनी मांग के समर्थन में पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्जा से जुड़े पुराने विवाद का जिक्र किया है. संगठन ने आरोप लगाया कि मिर्जा ने अंसारी के उपराष्ट्रपति रहने के दौरान उनसे संपर्क होने की बात कही थी. इसके अलावा, ईरान में अंसारी के राजनयिक कार्यकाल को लेकर पूर्व खुफिया अधिकारियों की ओर से लगाए गए पुराने आरोपों का भी हवाला दिया गया है. संगठन का कहना है कि इन मामलों को राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया जानकारी से जुड़े सवालों के तौर पर देखा जाना चाहिए.
बयानों को लेकर भी जताई आपत्ति
हिंदू सेना ने अंसारी के हालिया सार्वजनिक बयानों पर भी सवाल उठाए हैं. संगठन का आरोप है कि उनकी टिप्पणियों में हिंदू समुदाय और दक्षिणपंथी विचारधारा को निशाना बनाया गया. संगठन के मुताबिक, ऐसे बयानों से देश की छवि प्रभावित होती है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है.
हिंदू सेना का कहना है कि 'पद्म श्री जैसे नागरिक सम्मान उन लोगों को दिए जाते हैं, जिनके योगदान को देश के लिए अहम माना जाता है. राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोपों और विवादित बयानों के बीच अंसारी के पास यह सम्मान बने रहना उचित नहीं है'.
गृह मंत्रालय से जांच कराने की मांग
हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर रहने वाले लोगों से राष्ट्रीय एकता और देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रति निष्ठा की उम्मीद की जाती है. उन्होंने मांग की कि अंसारी से पद्म श्री वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाए. संगठन ने गृह मंत्रालय से इन आरोपों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने की भी अपील की है.
संजय शर्मा