किराए की थार, तेज रफ्तार और एक गलती! बुजुर्ग टूरिस्ट की दर्दनाक मौत, बाल-बाल बचा नवजात

गोवा के असगांव स्थित हैप्पी बार जंक्शन पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार किराए की थार एसयूवी ने भोपाल से आए पर्यटक की कार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 65 वर्षीय भगतराम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों ने दुर्घटना के बाद ड्राइवर बदलने की कोशिश का आरोप लगाया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.  

Advertisement
किराए की थार, तेज रफ्तार और एक गलती! भोपाल के बुजुर्ग टूरिस्ट की दर्दनाक मौत (Photo: itg) किराए की थार, तेज रफ्तार और एक गलती! भोपाल के बुजुर्ग टूरिस्ट की दर्दनाक मौत (Photo: itg)

aajtak.in

  • गोवा,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:25 AM IST

गोवा के असगांव इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सैलानियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया. हैप्पी बार जंक्शन पर एक तेज रफ्तार किराए की थार एसयूवी ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी. इस हादसे में भोपाल निवासी 65 वर्षीय भगतराम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक शर्मा परिवार अपनी निजी हैचबैक कार से गोवा घूमने आया था. दोपहर के समय जब उनकी कार असगांव के हैप्पी बार जंक्शन से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रही किराए की थार ने जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एसयूवी तेज रफ्तार में थी और संतुलन खो बैठी.

Advertisement

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकाला. शर्मा को गंभीर हालत में पाया गया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कार में मौजूद दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि पांच महीने का एक शिशु चमत्कारिक रूप से सुरक्षित रहा.

स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि दुर्घटना के बाद थार में सवार युवतियों ने कथित तौर पर ड्राइवर की सीट बदलने की कोशिश की, ताकि असली चालक की पहचान छिपाई जा सके. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि थार वाहन किराए पर लिया गया था. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और क्या यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ था. दुर्घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कर दी गई. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

Input: रितेश देसाई
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement