ठाणे जिले के कल्याण में एक होटल से वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाने के आरोप में एक सीनियर महिला वकील को गिरफ्तार किया गया है. एक अधिकारी ने एक एजेंसी को बताया कि इस धंधे में जबरन धकेली गईं दो महिलाओं को बचा लिया गया है. पुलिस की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTC) ने शनिवार को इस रैकेट का भंडाफोड़ किया और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि होटल मालिक की इस धंधे में कितनी भूमिका है.
होटल पर छापेमारी के बाद पुलिस ने इस मामले की मुख्य आरोपी महिला वकील को गिरफ्तार किया, जो कल्याण और पनवेल दोनों अदालतों में प्रैक्टिस करती है. पुलिस के अनुसार एएचटीएच को जानकारी मिली थी कि एक पढ़ी-लिखी महिला कल्याण (पूर्व) के एक जाने-माने होटल में पिछले तीन महीनों से वेश्यावृत्ति का धंधा चला रही थी और ज़रूरतमंद व कमज़ोर महिलाओं का शोषण कर रही थी.
इस जानकारी के आधार पर एएचटीएच की एक टीम ने कई दिनों तक होटल पर कड़ी नज़र रखी. अधिकारियों ने आम ग्राहकों के तौर पर होटल का दौरा किया और चुपके से जानकारी जुटाने के लिए चाय और स्नैक्स का ऑर्डर दिया. इस दौरान उन्होंने होटल में संदिग्ध गतिविधियां देखीं.
जांच में जुटी पुलिस
शनिवार को एएचटीएच टीम ने होटल पर छापेमारी करने का फैसला किया. ठाणे से एएचटीएच के एक सीनियर इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ कल्याण पहुंचे और स्थानीय कोलशेवाड़ी पुलिस के साथ मिलकर काम किया. होटल के आसपास भागने के सभी संभावित रास्तों का पता लगाने के बाद, टीम ने नकली ग्राहकों को अंदर भेजकर जाल बिछाया और रैकेट का भंडाफोड़ किया.
कोलशेवाड़ी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर एस.जी. नाइक ने कहा कि हम अभी इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह वकील कितने समय से होटल में यह रैकेट चला रही थी? उसने कितनी और महिलाओं को इस धंधे में फंसाया है, उसके साथी कौन हैं और होटल मालिक की इसमें कितनी भूमिका है?
aajtak.in