दिवाली के जश्न के बीच दिल्ली में सांस लेना मुश्किल, आबो-हवा हुई 'जहरीली', N95 मास्क लगाने की सलाह

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दोपहर 12 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 334 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है.

Advertisement
दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 से ऊपर पहुंच गया (Photo- Screengrab) दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 से ऊपर पहुंच गया (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 अक्टूबर 2025,
  • अपडेटेड 11:00 PM IST

दिवाली के दिन दिल्ली और एनसीआर की हवा एक बार फिर ज़हरीली हो गई है. दिवाली के जश्न के बीच दिल्ली की हवा का स्तर ‘बहुत खराब’ से लेकर ‘गंभीर’ श्रेणी तक पहुंच गया है. कई सालों बाद पटाखों पर लगी पाबंदी को आंशिक रूप से हटाया गया, जिससे लोगों को तय समय में ग्रीन क्रैकर्स जलाने की अनुमति दी गई. हालांकि, इससे प्रदूषण में भारी इजाफा दर्ज किया गया है.

Advertisement

दिल्ली के अक्षरधाम और उसके आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ने ‘बहुत खराब’ स्तर को पार कर लिया है. पूरे एनसीआर में घना स्मॉग छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो गई है और हवा ज़हरीली हो चुकी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों - खासकर सांस की तकलीफ या अस्थमा से पीड़ित व्यक्तियों को घर के अंदर रहने, बाहर निकलते समय N95 मास्क पहनने और प्रदूषण के सीधे संपर्क से बचने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें: 'मेरे मित्र PM मोदी को दिवाली की बधाई', वर्ल्ड लीडर्स ने दी दीपावली की शुभकामनाएं

राजधानी के कई इलाके ‘गंभीर’ श्रेणी में AQI

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में लगे 38 सेंसरों में से 31 ने हवा को ‘बहुत खराब’ और तीन सेंसरों ने ‘गंभीर’ स्तर पर दर्ज किया है. ज्यादातर इलाकों में AQI 300 से ऊपर पहुंच गया है. दोपहर तक दिल्ली का औसत AQI 334 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. ‘गंभीर’ श्रेणी वाले इलाकों में आनंद विहार (AQI 402), वजीरपुर (AQI 423) और अशोक विहार (AQI 414) शामिल हैं.

Advertisement

कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने रविवार को ही GRAP (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के स्टेज-II को सक्रिय कर दिया था, क्योंकि AQI 300 के पार चला गया था. @CAQM_Official के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, सोमवार दोपहर 4 बजे तक का 24 घंटे का औसत AQI ‘बहुत खराब’ स्तर पर बना हुआ है. विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की स्थिति आने वाले दो दिनों यानी 21 और 22 अक्टूबर को और बिगड़ सकती है.

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में निवेशकों की दिवाली... कमाए 4 लाख करोड़, 15% तक चढ़े ये स्‍टॉक्‍स!

सुप्रीम कोर्ट की तय सीमा में ही पटाखे, फिर भी बढ़ा प्रदूषण

सुप्रीम कोर्ट ने इस बार केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री और जलाने की अनुमति दी थी, वो भी तय समय में—19 और 20 अक्टूबर को सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक. इसके बावजूद राजधानी की हवा ने दिवाली के बाद फिर से प्रदूषण का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

सरकारी मानकों के अनुसार, अगर AQI 0 से 50 के बीच हो तो हवा ‘अच्छी’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में मानी जाती है. वर्तमान हालात में दिल्ली ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ के बीच झूल रही है.

Advertisement

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »