कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 और 6 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 2 दिन की स्ट्रेटेजी मीटिंग बुलाने का ऐलान किया है. जंतर मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद पार्टी अब अपने अगले कदम तय करना चाहती है. पार्टी के मुताबिक, इस बैठक में युवा आंदोलन के अगले चरण, संगठन की दिशा और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा होगी.
पार्टी ने कहा है कि इस 2 दिन की बैठक में उसके संस्थापक, राष्ट्रीय प्रवक्ता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे. मकसद यह है कि अब तक हुए आंदोलन, युवाओं के समर्थन और मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे का रास्ता तय किया जाए. पार्टी का कहना है कि यह बैठक सिर्फ अंदरूनी समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगे के अभियान की बुनियाद भी तैयार करेगी.
यह भी पढ़ें: 'आग को हवा दे रहा CJP', प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR पॉलिसी पर पूर्व एयर फोर्स ऑफिसर की तीन मांगें
सीजेपी के मुताबिक, पिछले कई दिनों में पार्टी के नेताओं और टीम के सदस्यों ने अलग अलग वर्गों के लोगों से बातचीत की है. इसमें जंतर मंतर आंदोलन के दौरान लगातार सक्रिय रहे करीब 50 कोर वॉलंटियर्स भी शामिल हैं. पार्टी ने कहा कि इन लोगों ने आंदोलन के दौरान अपना समय और मेहनत दी थी, इसलिए उनके सुझाव आगे की रणनीति तय करने में अहम रहेंगे. बैठक में इन्हीं चर्चाओं और फीडबैक के आधार पर अगले कदमों पर विचार किया जाएगा.
वॉलंटियर्स और समर्थकों से संपर्क, नेशनवाइड लिसनिंग टूर
पार्टी ने यह भी कहा है कि रणनीतिक बैठक के बाद वह देशभर में अपने वॉलंटियर्स और समर्थकों से संपर्क करेगी. इसके बाद एक नेशनवाइड लिसनिंग टूर शुरू किया जाएगा, ताकि युवाओं की जरूरतों, उम्मीदों और सुझावों को सीधे सुना जा सके. पार्टी का कहना है कि जंतर मंतर आंदोलन के दौरान जो समर्थन मिला, उसे अब एक बड़े जनसंपर्क अभियान में बदला जाएगा. सीजेपी ने दावा किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ उसके प्रदर्शन की सफलता और उनके इस्तीफे के बाद युवाओं में नई उम्मीद जगी है, और अब उसी ऊर्जा को देशव्यापी अभियान में बदलने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें: 'PM केयर फंड्स की जांच करो, प्रधानमंत्री माफ कर देंगे', RTI एक्टिविस्ट पर CJP का करारा हमला
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता क्या बोले?
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, "युवाओं ने इस अहंकारी सरकार को चुनौती देकर दिखा दिया है कि जब युवा एकजुट होते हैं तो वे बड़ा बदलाव ला सकते हैं. हमारी टीम अब युवाओं की उम्मीदों को सकारात्मक और सार्थक दिशा देने के लिए आगे की रणनीति तैयार कर रही है." पार्टी ने कहा है कि कुछ दिनों में वह अपने अगले कदमों की और जानकारी साझा करेगी. इसमें नेशनवाइड लिसनिंग टूर का कार्यक्रम और दूसरे आयोजनों का ब्योरा भी शामिल होगा.
आशुतोष मिश्रा