बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में शुरुआती रुझानों ने मुकाबले को पूरी तरह दिलचस्प बना दिया है. लंबे समय से बीजेपी का अभेद्य गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. 9वें राउंड तक की गिनती में उनकी बढ़त कायम रहने से चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं.
चुनाव से पहले बीजेपी खेमा जीत को लेकर इतना आश्वस्त था कि कार्यकर्ताओं ने 200 किलो लड्डू तैयार करा लिए थे. योजना थी कि नतीजे आते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच मिठाइयां बांटी जाएंगी. लेकिन शुरुआती रुझानों में बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा पिछड़ते दिखे, जिसके बाद अब सोशल मीडिया पर इन्हीं लड्डुओं को लेकर मजेदार चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर नतीजे ऐसे ही रहे तो आखिर इन 200 किलो लड्डुओं का क्या होगा?
यह भी पढ़ें: 200KG लड्डू बनकर तैयार... बांकीपुर में BJP को जीत की पूरी उम्मीद- VIDEO
1995 से बांकीपुर पर था बीजेपी का कब्जा
बांकीपुर सीट 1995 से बीजेपी के कब्जे में रही है और यहां पार्टी को कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा. यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी, जिसके चलते 30 जुलाई को उपचुनाव कराया गया. इस बार 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 7 प्रतिशत कम रहा.
इस चुनाव में कुल 26 उम्मीदवार मैदान में थे. बीजेपी ने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, जबकि आरजेडी ने रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया. हालांकि शुरुआती रुझानों में रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर चल रही हैं और मुकाबला मुख्य रूप से प्रशांत किशोर और बीजेपी के बीच सिमटता नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: LIVE: तीन राज्य-तीन सीटों की लड़ाई... बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर में रुझान आने शुरू
प्रशांत किशोर का पहला विधानसभा चुनाव
यह प्रशांत किशोर का पहला चुनाव है. 10 राउंड की गिनती के बाद वह 6000 वोटों से आगे चल रहे हैं. चुनाव रणनीतिकार से नेता बने पीके की शुरुआती बढ़त को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. हाल के छात्र आंदोलनों के बाद हो रहे इस उपचुनाव के नतीजों को युवाओं के राजनीतिक रुझान का संकेत भी माना जा रहा है. हालांकि फिलहाल ये केवल शुरुआती रुझान हैं और अंतिम परिणाम मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
aajtak.in