तिहाड़ में स्वस्थ हैं अरविंद केजरीवाल, AIIMS के 5 डॉक्टरों ने किया हेल्थ रिव्यू... इंसुलिन लेते रहने की दी सलाह

आधे घंटे तक चली वीडियो कॉन्फ्रेंस में मेडिकल बोर्ड के सदस्यों के अलावा तिहाड़ जेल के दो डॉक्टर भी शामिल हुए. एक हफ्ते बाद केजरीवाल के स्वास्थ्य की दोबारा समीक्षा की जाएगी. सूत्र के मुताबिक मेडिकल बोर्ड ने अरविंद केजरीवाल को वही दवाएं जारी रखने के लिए कहा जो वह पहले से ले रहे थे.

Advertisement
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल. (ANI Photo) दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल. (ANI Photo)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 27 अप्रैल 2024,
  • अपडेटेड 3:07 PM IST

दिल्ली की एक अदालत के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दो यूनिट इंसुलिन लेते रहने की सलाह दी है. तिहाड़ के एक सूत्र ने आजतक को इस बारे में जानकारी दी और बताया कि अरविंद केजरीवाल पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी निर्धारित दवाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली की एक अदालत के आदेश पर दिल्ली एम्स के पांच डॉक्टरों की टीम ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके स्वास्थ्य की समीक्षा की थी.

Advertisement

लगभग आधे घंटे तक चली वीडियो कॉन्फ्रेंस में मेडिकल बोर्ड के सदस्यों के अलावा तिहाड़ जेल के दो डॉक्टर भी शामिल हुए. एक हफ्ते बाद केजरीवाल के स्वास्थ्य की दोबारा समीक्षा की जाएगी. सूत्र के मुताबिक मेडिकल बोर्ड ने अरविंद केजरीवाल को वही दवाएं जारी रखने के लिए कहा जो वह पहले से ले रहे थे. इस सप्ताह की शुरुआत में अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल 320 तक पहुंचने के बाद AAP सुप्रीमो को तिहाड़ जेल में इंसुलिन की पहली खुराक दी गई थी. 

टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित अ​रविंद केजरीवाल

पिछले हफ्ते, दिल्ली की अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने डॉक्टर से दैनिक परामर्श की मांग करने वाली अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज कर दी थी. हालांकि, अदालत ने तिहाड़ जेल अधिकारियों को एम्स के डॉक्टरों को शामिल करते हुए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया था, ताकि यह तय किया जा सके कि टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित AAP सुप्रीमो को इंसुलिन की आवश्यकता है या नहीं.

Advertisement

अदालत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को घर का खाना खाने की अनुमति दी थी, लेकिन कहा था कि अरविंद केजरीवाल के डॉक्टर द्वारा दिए गए डाइट चार्ट का सख्ती से पालन करना होगा. ईडी ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल मेडिकल बेल  के आधार पर जेल से बाहर आने के लिए अपना शुगर लेवल बढ़ाना चाहते हैं और इसके लिए वह जानबूझकर आम, आलू पुरी, मिठाई खा रहे हैं, जिनमें हाई कोलेस्ट्रॉल होता है. AAP ने दिल्ली के सीएम को इंसुलिन और डायबिटीज की अन्य दवाएं न देकर जेल में मारने की साजिश का आरोप लगाया था. 

ED ने केजरीवाल को 21 मार्च को किया था अरेस्ट

केजरीवाल को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. वह 1 अप्रैल से  न्यायिक हिरासत में हैं तिहाड़ जेल नंबर 2 में बंद हैं. पिछले दिनों कोर्ट ने उनकी ज्यूडिशियल कस्टडी 7 मई तक बढ़ा दी थी. केजरीवाल के अलावा उनके डिप्टी रहे मनीष सिसोदिया भी दिल्ली शराब घोटाला केस में आरोपी हैं और पीएमएलए के तहत  ​करीब डेढ़ साल से तिहाड़ जेल में बंद हैं. तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की बेटी के. कविता भी इसी मामले में तिहाड़ में बंद हैं. उनकी न्यायिक हिरासत भी कोर्ट ने 7 मई तक के लिए बढ़ा दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »