Arunachal Flash Flood: अरुणाचल में बाढ़-लैंडस्लाइड से बिगड़े हालात, 18 घर तबाह, कई लोग लापता

अरुणाचल प्रदेश में कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण केयी पानयोर (Keyi Panyor) जिले में बाढ़ और भूस्खलन से नुकसान की खबरें आ रही हैं. इस प्राकृतिक आपदा में कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और सड़कों का संपर्क टूट गया है. वहीं कुछ लोग लापता भी हैं.

Advertisement
Flood and landslides in Arunanchal Pradesh (Photo- PTI) Flood and landslides in Arunanchal Pradesh (Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:27 AM IST

अरुणाचल प्रदेश के केयी पानयोर (Keyi Panyor) इलाके में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड से तबाही हुई है. इस आपदा में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि चार लोग लापता हैं. वहीं, 17 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

केयी पानयोर के पुलिस अधीक्षक अंगद मेहता ने जानकारी दी कि नीरमला गुप्ता (35 वर्ष) नाम की टीचर विवेकानंद केंद्र विद्यालय (वीकेवी) में पढ़ाती थीं. उनका शव बाढ़ के बाद खोज और बचाव अभियान के दौरान मिला. वे NEEPCO प्रोजेक्ट कॉलोनी के पास पूसा इलाके में रहती थीं.

Advertisement

राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलु ने बताया कि पानी की तेज धार में पांच लोग बह गए थे. इनमें नीरमला गुप्ता के अलावा एलेश मराक (13 वर्ष), बालारी मराक (30 वर्ष), ताओ अंजिना (46 वर्ष) और सौरव कुमार लापता हैं. 

गिरते पेड़, ढहते मकान, सड़कों पर सैलाब... अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ का रौद्र रूप
 

18 घर क्षतिग्रस्त, कई लोग घायल
भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई, जिससे कॉलोनी के निचले इलाकों में पानी भर गया. इस घटना में कम से कम 18 घरों को नुकसान पहुंचा है. वहीं, 17 घायल जीरो अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है. बता दें कि जिला पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने याजली जलाशय से बिशु सिन्हा को सुरक्षित बचाया.

लापता लोगों की तलाश जारी
साथ ही, भूस्खलन प्रभावित नेशनल हाईवे-13 से भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग (GSI) के एक वैज्ञानिक को भी रेस्क्यू किया गया. केयी पानयोर डैम के बीच फंसे एक शख्स और उसके कुत्ते को भी बचाया गया. आपदा प्रबंधन टीमों के मुताबिक, बुधवार रात को अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया था. आज फिर लापता लोगों की तलाश जारी है.

Advertisement

सड़कें बंद, कई जिले कटे
भारी बारिश और भूस्खलन से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. नेशनल हाईवे-13 के पोटिन और होज के पास तीन जगहों पर भूस्खलन हुआ है. किमिन-जीरो रूट पर बड़े भूस्खलन हुए हैं.

केयी पानयोर, क्रा दादी, कुरुंग कुमे, लोअर सुबनसिरी, कामले और अपर सुबनसिरी, ये छह जिले सड़क संपर्क से कट गए हैं. ब्रॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) सड़कों को जल्दी खोलने की कोशिश कर रहा है. 

राहत कार्यों में हेलिकॉप्टर की मदद
भारतीय वायुसेना (IAF) के हेलिकॉप्टर ने SDRF के जवानों और रबर बोट को पिटापूल के पास उतारा. मौसम खराब होने के बावजूद हेलीकॉप्टर ने हॉलोंगी से उड़ान भरी. आगे भी जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट की मदद ली जाएगी. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी अलर्ट किया गया है.

स्थानीय प्रशासन, SDRF, पुलिस और पूर्व सैनिकों को भी बचाव कार्य में लगाया गया है. नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NEEPCO) ने पानयोर लोअर हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के जलाशय से सावधानी के तौर पर पानी भी छोड़ा है.
 
बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है. कई जिलों में भूस्खलन, बाढ़ से इमारतों को नुकसान पहुंचा है. आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. इस बीच मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »