मोकामा विधायक अनंत सिंह को JDU से छह साल के लिए निकाले जाने पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी और RSS पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी और RSS की राजनीति 'यूज एंड थ्रो' की है. पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि आनंद मोहन, दिनेश जी, अजय मंडल और गिरधारी यादव के साथ क्या किया गया. उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन जरूरी है और अगर कोई विधायक या सांसद अनुशासन तोड़ता है, तो पार्टी उसके खिलाफ फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है. लेकिन यह नियम सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए.
पप्पू यादव ने कहा कि अनंत सिंह ने अशोक चौधरी और सम्राट जी को लेकर जो बातें कही थीं, उनमें उन्होंने सरकार बचाने और कथित विश्वासघात को लेकर सवाल उठाए थे. पप्पू यादव ने दावा किया कि वह पहले से कहते आ रहे हैं कि यह सरकार अवैध है और गलत है. उनके मुताबिक, अनंत सिंह की कही बातें लगातार सही साबित हो रही हैं.
यह भी पढ़ें: शरद, आरसीपी, कुशवाहा... नीतीश से बागी अधिकांश नेता हुए फेल, क्या अनंत सिंह बदलेंगे पैटर्न
अनंत सिंह को JDU से छह साल के लिए निकाला गया
JDU ने शनिवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया. पार्टी की बिहार इकाई के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से खत्म की गई है.
पार्टी ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह ने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना की, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और हालिया विधान परिषद चुनाव में विरोधी उम्मीदवार के लिए प्रचार किया.
दूसरे उम्मीदवार के समर्थन से बढ़ा विवाद
अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था. उन्होंने JDU के MLC नीरज कुमार को चुनाव में हराने की बात भी कही थी. इसके बाद पार्टी के साथ उनका विवाद बढ़ गया. JDU ने बिहार विधानसभा के स्पीकर से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने की सिफारिश भी की है. इसके लिए संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला दिया गया है.
यह भी पढ़ें: JDU ने अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, क्या जाएगी विधायकी?
पार्टी के बयान के मुताबिक, पूर्व विधायक नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता भी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है.
aajtak.in