केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी में एसएसबी की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने जवानों से संवाद भी किया. शाह ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक राष्ट्रीय गीत को वह सम्मान नहीं मिला, जिसका वह हकदार था. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार में इसे उचित स्थान और सम्मान मिला है.
अमित शाह ने कहा कि इस साल स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से पूर्ण वंदे मातरम् का गायन हुआ. आजादी के 80 साल बाद पूर्ण गीत सुनकर उन्हें संतोष हुआ. संसद में विधेयक पारित कराकर पूर्ण वंदे मातरम् को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनाया गया है. इससे बच्चों और युवाओं तक बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंच रहा है.
‘सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा सीधे राष्ट्र से जुड़ी’
शाह ने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर 8 राज्यों और 3 देशों से जुड़ा है और इसकी सुरक्षा सीधे देश की सुरक्षा से जुड़ी हुई है. मोदी सरकार इसे त्रिकोणीय सुरक्षा ग्रिड के जरिए अभेद्य बनाने की दिशा में काम कर रही है.
उन्होंने SSB के जवानों की जिम्मेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि ‘वन बॉर्डर, वन फोर्स’ के तहत SSB को बेहद कठिन जिम्मेदारी मिली है. जवान नेपाल और भूटान से लगी बिना बाड़ वाली खुली सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं. इन जवानों की प्रतिबद्धता और पड़ोसी देशों के लोगों के साथ उनके सांस्कृतिक जुड़ाव का पूरा देश सम्मान करता है.
‘घुसपैठ रोकना हमारा संकल्प’
गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल और देश को सुरक्षित बनाने के लिए घुसपैठ रोकना सरकार का संकल्प है और इसके लिए फेंसिंग सबसे मजबूत उपाय है. पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने महज 45 दिनों में बीएसएफ और एसएसबी को 1,139 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है.
शाह ने कहा कि पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एसएसबी और बीएसएफ के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होती थीं. SSB, BSF और ITBP किसी राजनीतिक दल या सरकार की एजेंसी नहीं हैं, बल्कि देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले बल हैं. सभी राजनीतिक दलों को इन जवानों के साथ खड़ा होना चाहिए.
दिल्ली-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का जिक्र
अमित शाह ने कहा कि 2026-27 के बजट में स्वीकृत सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में दिल्ली-सिलीगुड़ी कॉरिडोर भी शामिल है. उन्होंने कहा कि अगले 2-3 वर्षों में दिल्ली से सिलीगुड़ी कुछ ही घंटों में पहुंचना संभव हो सकेगा.
उन्होंने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. वहीं, वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के जरिए सीमावर्ती गांवों को जोड़ा जा रहा है. इन प्रयासों के जरिए सुरक्षित, मजबूत और जीवंत सीमावर्ती इलाकों की दिशा में काम किया जा रहा है. शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों का विकास भी जरूरी है, ताकि देश की सीमाएं और ज्यादा सुरक्षित और मजबूत बन सकें.
जितेंद्र बहादुर सिंह