बत्तख पर बवाल, हिरासत में ग्रामीण की मौत, भीड़ ने थाने में लगा दी आग

असम के नागांव जिले के बटाद्रबा क्षेत्र में पुलिस हिरासत एक ग्रामीण की मौत हो गई थी. लोगों का आरोप है कि पुलिस प्रताड़ना में उसकी जान चली गई. हालांकि पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है.

Advertisement
पुलिस द्वारा ग्रामीण की मौत के बाद गुस्साए लोग पुलिस द्वारा ग्रामीण की मौत के बाद गुस्साए लोग

aajtak.in

  • गुवाहाटी,
  • 21 मई 2022,
  • अपडेटेड 8:42 PM IST
  • असम में नागांव जिले के बटाद्रबा थाने पर हुआ हमला
  • हमले में दो पुलिसकर्मी जख्मी, 3 उपद्रवी गिरफ्तार

असम के नागांव ज‍िले में बटाद्रबा थाना में शनिवार को आक्रोशित भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की फिर उसमें आग लगा दी. थाना पूरी तरह जलकर राख हो गया है और कुछ वाहन भी पूरी तरह जल गए है. भीड़ के हमले में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए हैं.

सूचना मिलते ही नागांव के पुलिस अधीक्षक लीना डोले के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया. इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.गुस्साए लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बत्तख और 10 हजार रुपये न देने पर एक ग्रामीण को मार डाला.

Advertisement

पैसे नहीं मिले तो पुलिस ने बुरी तरह पीटा

लोगों का दावा है कि सलोनीबाड़ी निवासी सफीकुल इस्लाम शुक्रवार रात काम से शिवसागर जिले जा रहा था. तभी रास्ते में बटाद्रबा पुलिस ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर एक बतख और 10000 रुपये की मांग की.

लोगों का कहना है कि जब इस्लाम पुलिस की बात नहीं मानी तो कथित तौर पर पुलिस उसे स्टेशन ले गई उसे परिवार के सदस्यों को एक बत्तख और पैसे लाने के लिए कहा. इस्लाम की पत्नी केवल बत्तख लेकर थाने पहुंची. उसने बताया कि वह पैसों की व्यवस्था नहीं कर पाई तो इस पर पुलिसवालों नाराज हो गए और पत्नी के सामने ही इस्लाम को बेरहमी से पीटने लगे.

थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन कर रहे थे लोग

वहीं परिजनों ने बताया कि इस्लाम की पिटाई देखकर उसकी पत्नी घबरा गई और पैसों की तुरंत व्यवस्था करने की बात कहते हुए थाने से चली गई. जब वह पैसे लेकर थाने लौटी तो पुलिस ने बताया कि उसके पति को नागांव सिविल अस्पताल भेज दिया गया है. पत्नी जब  परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची तो उसे पति को मृत पाया.

Advertisement

इसके बाद परिजन शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मृतक का शव लेकर थाने पहुंच गए और जमकर विरोध किया. पुलिस ने लोगों को खदेड़ने की कोशिश की तो भीड़ ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी. इसके बाद भीड़ ने थाने में तोड़फोड़ कर आग लगा दी.

'आरोप सही पाए गए तो पुलिसकर्मियों पर होगा ऐक्शन'

नागांव एसपी लीना डोले ने बताया कि पुलिस स्टेशन पर हमला करने के मामले में अब तक तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है. हिंसा में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है. हमने मामले की जांच शुरू कर दी है.

एसपी ने कहा कि पूरी घटना का वीडियो फुटेज खंगाला जा रहा है. हम घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करेंगे. वहीं उन्हाेंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं उनकी भी जांच की जाएगी और अगर दोषी पाए गए तो उन पर कार्रवाई होगी.

(इनपुट: पल्लव बोरा)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »