समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने अपने पद से इस्तीफा दिया. वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी में 2 से 3 दिन दिनों में मॉनसून के पहुंचने की संभावना जताई. इन खबरों के अलावा, जालौन के एसडीएम और आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही का तत्काल प्रभाव से तबादला कर उन्हें उरई में न्यायिक एसडीएम बनाया गया है. उनका बीजेपी ब्लॉक प्रमुख के साथ विवाद हुआ था. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
सपा के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने अचानक क्यों दिया इस्तीफा, जानिए Inside Story
समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक और कांठ विधायक कमाल अख़्तर ने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है, जिसे अखिलेश यादव ने मंज़ूर कर लिया. मुरादाबाद में पीडीए पंचायत के बाद पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे. कमाल अख़्तर के इस्तीफ़े को मुरादाबाद मंडल में समाजवादी पार्टी की गुटबाज़ी कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
हार्दिक पंड्या ने मुंबई छोड़ दी... करियर के लिए लिया सबसे बड़ा फैसला! जानें अब कहां शिफ्ट हुए
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपना स्थायी ट्रेनिंग बेस बेंगलुरु शिफ्ट कर लिया है. अब खाली समय में वह बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस यानी COE में अभ्यास करेंगे. चोटों से जूझ रहे हार्दिक ने बेहतर मेडिकल, रिकवरी और फ़िटनेस सुविधाओं को देखते हुए COE के पास किराए का घर भी ले लिया है और उसे अपना स्थायी ट्रेनिंग बेस बना लिया है.
ममता बनर्जी को हाईकोर्ट से झटका, TMC के अकाउंट फ्रीज मामले में अर्जेंट सुनवाई से इनकार
ममता बनर्जी की पार्टी TMC को कलकत्ता हाई कोर्ट से झटका लगा है. कोर्ट ने पार्टी के तीन बैंक खाते फ़्रीज़ किए जाने के ख़िलाफ़ अर्जेंट सुनवाई से इनकार कर दिया. ममता गुट के वकील किशोर दत्ता ने कोर्ट को बताया कि टीएमसी के तीन बैंक खातों पर रोक लगा दी गई है. इस वजह से इन खातों से किसी भी तरह का पेमेंट और लेन-देन नहीं हो पा रहा है.
'शहीद दिवस' रैली से पहले TMC को झटका, कोलकाता में 60 दिन तक सभाओं पर रोक
TMC को बड़ा झटका लगा है. कोलकाता पुलिस ने मध्य कोलकाता के कुछ हिस्सों में अगले 60 दिनों के लिए सभाओं पर रोक लगा दी है. इन इलाकों में 5 या उससे ज़्यादा लोगों के जुटने पर भी पाबंदी रहेगी. 21 जुलाई को TMC की शहीद दिवस रैली होने वाली है, अब पुलिस का ये आदेश उसकी रैली पर असर डाल सकता है. ये पाबंदी 2 जुलाई से 30 अगस्त तक लागू रहेगी.
बॉक्स ऑफिस पर 'वेलकम टू द जंगल' का राज, इस शुक्रवार 'अल्फा' से भिड़ेंगी ये फिल्में
अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फ़िल्म वेलकम टू द जंगल ने बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार शुरुआत करते हुए 4 दिनों में दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. हालांकि इस फिल्म को आने वाले दिनों में अल्फ़ा, बेबी डू डाई डू, नागबंधम द सीक्रेट ट्रेजर, द डेथ ऑफ़ रॉबिन हुड और मिनियन्स एंड मॉन्स्टर्स जैसी फ़िल्मों से कड़ी टक्कर मिल सकती है.
जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट का 11वां दिन, सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, दिपके बोले- हम 'वायरस' की वैक्सीन हैं
कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन 11वें दिन में पहुंच गया. नीट समेत परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन अब जवाबदेही की मांग तक पहुंच गया है. प्रोटेस्ट में शामिल सोनम वांगचुक की तबियत बिगड़ गई है, वे तीन दिन से भूख हड़ताल पर हैं. उनका ब्लड शुगर 66 दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से नीचे है.
जालौन SDM रिंकू सिंह राही का तबादला, BJP ब्लॉक प्रमुख से विवाद के बाद कार्रवाई!
जालौन के एसडीएम और आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही का तत्काल प्रभाव से तबादला कर उन्हें उरई में न्यायिक एसडीएम बनाया गया है. यह फैसला बीजेपी ब्लॉक प्रमुख राम राजा सिंह निरंजन से विवाद और कर्मचारियों द्वारा उनके व्यवहार की शिकायत के बाद आया है. राही 2022 बैच के आईएएस हैं, उन्होंने 2009 में छात्रवृत्ति-पेंशन घोटाले का खुलासा किया था.
दिल्ली-NCR का इंतजार खत्म! मॉनसून अगले 48 घंटों में देगा दस्तक, होगी झमाझम बारिश
दिल्ली-एनसीआर में अगले 48 घंटों में मॉनसून दस्तक दे सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून 2-3 दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों तक पहुंच सकता है. 2 से 6 जुलाई के बीच व्यापक बारिश के आसार हैं. 1 से 3 जुलाई के दौरान कुछ इलाक़ों में भारी बारिश, तेज़ हवाएं और बिजली गिरने की भी चेतावनी है.
AIADMK को बड़ा झटका! दो महीने में छठे विधायक ने छोड़ी पार्टी
तमिलनाडु में AIADMK को एक और बड़ा झटका लगा है. विधायक पद से इस्तीफ़े के एक दिन बाद पूर्व मंत्री एम आर विजयभास्कर ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया. वह एआईएडीएमके छोड़ने वाले छठे विधायक बन गए हैं. करूर से विधायक रहे विजयभास्कर के सत्तारूढ़ दल टीवीके में शामिल होने की चर्चा है.
आलिया भट्ट की 'अल्फा' को मिला U/A सर्टिफिकेट, हटाई गई गाली और हिंसक सीन्स
आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर अल्फा को रिलीज से पहले सीबीएफसी से यू/ए सर्टिफ़िकेट मिल गया है. सुझाए गए बदलावों के बाद 29 जून को फ़िल्म को मंज़ूरी दी गई. 2 घंटे 20 मिनट 48 सेकंड लंबी इस फ़िल्म में आलिया भट्ट और शरवरी एक्शन अवतार में दिखेंगी. फिल्म में बॉबी देओल निगेटिव रोल निभाते दिखेंगे. फ़िल्म 3 जुलाई को रिलीज़ होगी.
aajtak.in