आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर 'अल्फा' रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड (CBFC) से पास हो गई है. राहत की बात ये है कि फिल्म में बहुत कम बदलाव करने के लिए कहा गया. यानी मेकर्स को ज्यादा कट्स का सामना नहीं करना पड़ा.
सेंसर बोर्ड ने क्या-क्या बदलवाया?
CBFC की एग्जामिनिंग कमेटी ने सबसे पहले फिल्म की शुरुआत में आने वाले डिस्क्लेमर को दोबारा लिखने के लिए कहा. इसके अलावा फिल्म के सभी गानों में सबटाइटल जोड़ने के निर्देश दिए गए. वहीं, यशराज फिल्म्स (YRF) से कहा गया कि फिल्म के ओपनिंग कार्ड्स और एंड क्रेडिट्स भी हिंदी में दिखाए जाएं.
कुछ सीन्स पर चली कैंची
फिल्म के पहले हाफ में दो जगह कुछ विजुअल्स को कम करके उनकी जगह दूसरे विजुअल्स लगाने के लिए कहा गया. हालांकि ये साफ नहीं किया गया कि किन सीन्स में बदलाव हुआ. वहीं दूसरे हाफ में बार-बार चाकू मारने वाले हिंसक विजुअल्स को भी कम करने के निर्देश मिले. इसके अलावा पहले हाफ में इस्तेमाल हुआ एक गंदा शब्द (गाली) हटाने को कहा गया.
सेंसर बोर्ड ने फिल्म में जहां-जहां शराब पीते हुए दिखाया गया है, वहां एंटी-अल्कोहल स्टैटिक वार्निंग लगाने के लिए भी कहा है. साथ ही फिल्म में काम कर रहे बाल कलाकार के माता-पिता की सहमति लेटर को भी जमा कराने के निर्देश दिए गए.
मिल गया सेंसर सर्टिफिकेट
इन सभी बदलावों के बाद 29 जून को 'अल्फा' को सेंसर सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया. फिल्म की कुल लंबाई 2 घंटे 20 मिनट 48 सेकंड है. पहला हाफ: 1 घंटा 13 मिनट 32 सेकंड, दूसरा हाफ: 1 घंटा 7 मिनट 16 सेकंड, 3 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज.
शिव रवैल के डायरेक्शन में बनी 'अल्फा', यशराज के फेमस स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है. फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगी. फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में बॉबी देओल निगेटिव रोल निभाते दिखेंगे. वहीं ऋतिक का भी स्पेशल कैमियो होगा.
ट्रेलर में दिखी उनकी एक झलक ने ही फैंस को क्रेजी कर दिया था. अब देखना दिलचस्प होगा कि तमाम बदलावों के बाद आलिया-शरवरी की अल्फा फैंस को कितना लुभा पाती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क