प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्राइम मिनिस्टर मार्क कार्नी से ट्रेड और एनर्जी समेत कई मुद्दों पर फोन पर बातचीत की. वहीं, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने भारत में लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके बाल विवाह को रोकने के प्रयासों की जमकर तारीफ की. इन खबरों के अलावा, हॉकी इंडिया ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम का ऐलान किया. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
ट्रूडो के दौर की कड़वाहट पीछे छूटी! PM मोदी और कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने फोन पर की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कनाडाई प्राइम मिनिस्टर मार्क कार्नी से फ़ोन पर बातचीत की. दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी मज़बूत करने और व्यापार, ऊर्जा, तकनीक व सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने के लिए आर्थिक समझौते की वार्ता जल्द पूरी करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
भारत का मुरीद हुआ UN, इन दो अभियानों की जमकर की तारीफ
संयुक्त राष्ट्र ने भारत में लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह रोकने के प्रयासों की तारीफ़ की है. UN ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि बीते एक दशक में लड़कियों की शिक्षा में सुधार हुआ है. सरकार की नीतियों और समाज की भागीदारी से बाल विवाह के मामलों में भी कमी आई है.
Champions Trophy 2026: चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का ऐलान, इस धुरंधर को सौंपी गई कमान
हॉकी इंडिया ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम का ऐलान कर दिया है. 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होने वाले टूर्नामेंट में हरमनप्रीत सिंह टीम की कमान संभालेंगे. गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक की वापसी हुई है, जबकि अमनदीप लकड़ा और आदित्य अर्जुन लालगे को भी मौका मिला है.
The Legend of Hanuman: फिर लौटे हनुमान, इस बार अलग होगा अंदाज, ट्रेलर देख हो जाएंगे खुश
‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का ट्रेलर जारी हो गया है. जियोहॉटस्टार पर यह सीरीज 23 अक्टूबर को रिलीज़ होगी. नया सीजन हनुमान की दिव्यता और उनकी शक्ति के अनदेखे पहलुओं को दिखाएगा. ग्राफिक इंडिया द्वारा निर्मित यह सीरीज अपनी ख़ास एनिमेशन शैली और पौराणिक दुनिया को आगे बढ़ाएगी. यह ऐसा शो है, जो हमारी पौराणिक कथाओं को जीवंत करता है.
मध्य प्रदेश में आधी रात IAS अफसरों के तबादले, 11 जिलों के कलेक्टर बदले; जानिए किसे मिली कहां की कमान
मध्य प्रदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS अफसरों की बड़ी तबादला सूची जारी हुई. इसमें तमाम अफसरों की नई जिम्मेदारियां तय की हैं. आदेश में जिलों के कलेक्टरों को बदला गया है. वहीं, कई सीनियर आईएएस अफसरों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं. इस प्रशासनिक फेरबदल में पन्ना, मऊगंज, जबलपुर समेत कई जिलों में पदस्थापना बदली गई है.
नीता अंबानी ने अपने ब्रैंड स्वदेश की पहली सालगिरह पर ग्रैंड पार्टी रखी, जिसमें कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. इस दौरान रश्मिका मंदाना अपने वाइन और गोल्डन रंग की हैवी वर्क साड़ी में बेहद ख़ूबसूरत लगीं. विजय से शादी के बाद उनका साड़ी लुक अक्सर चर्चा में रहता है. इस बार उन्होंने रॉयल लुक से अंबानी परिवार के इवेंट में महफिल लूटी ली.
'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें...', AAP का ऐलान- 15 अक्टूबर को दिल्ली में होगा प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी (AAP) ने 15 अक्टूबर को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है. पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े और SIR प्रक्रिया रद्द करने की मांग करेगी. AAP ने चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आंदोलन जारी रखने की बात कही है. इसकी जानकारी सौरभ भारद्वाज ने दी.
IPL में सिक्सर किंग युवराज सिंह की धमाकेदार एंट्री, इस टीम की बदलेगी किस्मत!
युवराज सिंह को इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के नए सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स का असिस्टेंट और बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है. इस नई भूमिका में वह सौरव गांगुली के साथ काम करेंगे. युवराज ने ख़ुशी जताते हुए कहा कि फ्रेंचाइज़ी से पुराना जुड़ाव और दादा के साथ कोचिंग करना उनके लिए ख़ास मौक़ा है. युवराज ने इसको लेकर एक्स पर जानकारी दी.
भारत-US ट्रेड डील पर बड़ी उम्मीद, इसी हफ्ते भारत आएंगे अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर जारी बातचीत के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक भारत के दौरे पर आएंगे. वे मुंबई और जामनगर भी जाएंगे. मार्क रुबियो की भारत यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और व्यापार, ऊर्जा तथा क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना है.
दिल्ली-NCR, यूपी-बिहार से पहाड़ों तक बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश-बिजली-ओले गिरने का अलर्ट
मॉनसून की विदाई के बाद भी कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है. IMD ने 14 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. दक्षिण भारत में भी भारी बारिश हो सकती है.
aajtak.in