केंद्रीय कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा देते हुए 78 दिन के बोनस को मंजूरी दी. वहीं, श्रेयस अय्यर ने आईसीसी की ताजा टी ट्वेंटी बल्लेबाजी रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचे. इन खबरों के अलावा, सिंतबर 2026 में थोक महंगाई दर अगस्त की तुलना में 1.47 प्रतिशत बढ़कर 11.39 फीसदी हुई. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
अब मनेगी दिवाली, 78 दिन के बोनस का ऐलान, इन कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले!
मोदी कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों को दिवाली का तोहफ़ा देते हुए 78 दिन के बोनस को मंज़ूरी दी है. इस पर कुल 2009 करोड़ 61 लाख रुपये ख़र्च होंगे. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस फ़ैसले से 11 लाख 40 हजार 770 रेलवे कर्मचारियों को फ़ायदा होगा. यह बोनस वर्ष 2025-26 के लिए रेलवे कर्मचारियों को दिया जा रहा है.
ICC Rankings में भारतीय खिलाड़ियों ने काटा गदर! श्रेयस अय्यर ने लगाई लंबी छलांग, गिल की बादशाहत भी कायम
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी की ताज़ा टी ट्वेंटी बल्लेबाज़ी रैंकिंग में श्रेयस अय्यर तीन पायदान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस, जोस बटलर और हैरी ब्रूक को पीछे छोड़ दिया है. इस लिस्ट में ईशान किशन पहले, अभिषेक शर्मा दूसरे और पाकिस्तान के साहिबज़ादा फरहान तीसरे नंबर पर क़ाबिज़ हैं.
मणिपुर में हिंसा के बीच BSF DG ने किया दो दिवसीय दौरा, ऑपरेशनल तैयारियों का लिया जायजा, राज्यपाल-CM से भी मिले
मणिपुर में जारी हिंसा के बीच सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने 12 और 13 अक्टूबर को राज्य का दौरा किया. दो दिवसीय दौरे में उन्होंने इंफाल और चुराचांदपुर में सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की तैनाती और ऑपरेशन की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और CM युमनाम खेमचंद सिंह से भी मुलाकात की.
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही भर्ती 2025 का फ़ाइनल रिज़ल्ट जारी कर दिया है. कुल 32,679 पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर चयन सूची देख सकते हैं. इनमें 4,481 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. बोर्ड ने बताया कि इस भर्ती में अनुसूचित जाति वर्ग में 7,136 और ST वर्ग में 648 उम्मीदवार सफल घोषित हुए हैं.
पीएम मोदी हापुड़ से करेंगे मिशन-2027 का आगाज, चौधरी चरण सिंह के बहाने 136 सीट साधने का प्लान
PM मोदी 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह की जयंती पर हापुड़ के नूरपुर में होने वाली रैली में शामिल हो सकते हैं. राष्ट्रीय लोकदल यानी आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने उन्हें रैली के लिए न्योता दिया है. बीजेपी और आरएलडी की इस संयुक्त रैली के ज़रिए पश्चिमी यूपी और ब्रज क्षेत्र की 136 विधानसभा सीटों पर जाट और गुर्जर वोटों को साधने की रणनीति है.
IPL Trade: यॉर्कर किंग नटराजन की SRH में वापसी... पर हो गया करोड़ों का घाटा, दिल्ली में किसकी एंट्री?
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच बड़ा प्लेयर ट्रेड हुआ है. इसके तहत बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ टी नटराजन अपनी पुरानी टीम सनराइजर्स हैदराबाद में लौट आए हैं, जबकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी अब दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नज़र आएंगे.
आम आदमी पर दोहरी मार! खुदरा के बाद थोक महंगाई भी बढ़ी, जानें जेब पर क्या होगा असर
सितंबर 2026 में थोक महंगाई दर बढ़कर 11.39 फीसदी हो गई, जबकि अगस्त में यह 9.92 प्रतिशत थी. 14 अक्टूबर को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, खाद्य वस्तुओं, निर्मित सामान और ईंधन-बिजली की क़ीमतों में तेज़ी से महंगाई बढ़ी है. सितंबर में खाद्य सूचकांक की महंगाई बढ़कर 8.66 फीसदी हो गई, जबकि अगस्त में यह 7.05 प्रतिशत थी.
UP में तीन महीने के भीतर हों पंचायत चुनाव, इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है. कोर्ट ने राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग को तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने का निर्देश दिया है. पंचायत चुनाव में देरी और निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए रखने के मुद्दे पर दाख़िल याचिकाओं की सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया गया.
EPF Withdrawal Rule: अब बार-बार नहीं निकाल पाएंगे PF से पैसा, EPFO ने तय कर दी लिमिट
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने PF एडवांस निकासी के नियमों में बदलाव करते हुए अलग-अलग ज़रूरतों के लिए लिमिट तय की है. नए नियमों के मुताबिक, सदस्य शिक्षा पर ख़र्च के लिए 10 बार और शादी के लिए अधिकतम 5 बार PF निकाल सकते हैं. घर बनवाने के लिए 5 बार तक निकासी की अनुमति है, जबकि बीमारी के इलाज के लिए निकासी की कोई तय सीमा नहीं है.
DMRC ने सुप्रीम कोर्ट में मांगी माफी, CJP प्रदर्शन के दौरान मेट्रो बंद करने पर दिया जवाब
10 अक्टूबर को CJP प्रदर्शन के दौरान मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने के मामले में DMRC ने सुप्रीम कोर्ट में माफीनामे के साथ जवाब दाख़िल किया है. DMRC ने कहा कि मेट्रो पूरी तरह बंद नहीं की गई थी. चेयरपर्सन डी तारा ने बिना शर्त माफ़ी मांगते हुए कहा कि DMRC सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करती है, हालांकि उसका पक्ष सुने बिना आदेश पारित किया गया था.
aajtak.in