मुंबई में रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की गई. गनीमत रही कि इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, हालांकि उनके ड्राइवर को चोटें आई है. मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है. रविवार को टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर हमला हुआ. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमलावर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं.
चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने हमले से पहले इलाके की रेकी की थी. वे घात लगाकर बैठे थे. पुष्पा पार्क के पास उन्होंने लगभग 45 मिनट तक टाइगर का इंतजार किया. जैसे ही टाइगर बाहर निकले और गाड़ी में बैठकर निकलने लगे, हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी.
वीडियो में बाइक पर तीन लोग नजर आ रहे हैं. इनमें से एक बाइक चला रहा था, जबकि बाकी दो शूटर्स फायरिंग के लिए नीचे उतरे. वीडियो में दो लोग बाइक से उतकर टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलाते दिखाई दिए. एक हमलावर गाड़ी के सामने से फायरिंग करता है, जबकि दूसरा उस ओर जाता है जहां टाइगर बैठे थे. वह बाए हाथ से गोली चलाता है, नीचे की ओर से भी फायरिंग करता है. फायरिंग करने के बाद दोनों हमलावर तुरंत वहां से फरार हो जाते हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है.
पल्सर बाइक पर आए थे हमलावर
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी हमले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को अंधेरी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने स्टेशन के बाहर से बाइक जब्त की है. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर पल्सर बाइक पर आए थे. शुरुआती जांच में पता चला कि बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है. पुलिस अब नंबर प्लेट और चेसिस व इंजन नंबर के जरिए वाहन का रिकॉर्ड खंगाल रही है.
यह भी पढ़ें: 'हमलावर के आका कहीं भी हों, छोड़ेंगे नहीं...' टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर बोले CM फडणवीस
इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है जिससे आरोपियों की पहचान के साथ वारदात के बाद उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके. टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले दो शूटर्स की तस्वीरें भी सामने आई हैं. सीसीटीवी कैमरे में दोनों की तस्वीरें कैद हुई हैं. दोनों हमलावर सफेद शर्ट में नजर आ रहे हैं. इन दोनों ने ही टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाई थी.
मुस्तफा शेख / दिव्येश सिंह