मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में रविवार रात एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने नाकाबंदी के दौरान ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. घटना मरीन ड्राइव इलाके की है, जहां रविवार रात पुलिस की ओर से नाकाबंदी की जा रही थी.
इसी दौरान एक मर्सिडीज कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची. ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल कृष्णकांत मिश्रा और राठौड़ ने चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय कार सीधे पुलिसकर्मियों की तरफ दौड़ा दी.
कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों का इलाज मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां उन्हें ICU में भर्ती किया गया है.
शराब के नशे में ड्राइविंग का शक
डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक 29 वर्षीय निहाल सोलंकी था. वह मूल रूप से नासिक के पंचवटी इलाके का रहने वाला है और घटना के समय मरीन ड्राइव से तेज रफ्तार में गुजर रहा था. हादसे के बाद निहाल मौके से फरार हो गया था.
मरीन ड्राइव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीम लगाई गई. सोमवार सुबह पुलिस ने निहाल सोलंकी को नालासोपारा से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. प्राथमिक जांच में पुलिस को शक है कि हादसे के समय आरोपी शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था. इसे देखते हुए पुलिस ने उसके ब्लड सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
घटना के बाद पुलिस विभाग में भी चिंता का माहौल है. ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को इस तरह टक्कर मारने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल मरीन ड्राइव पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
मुस्तफा शेख