पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल की हत्या की जांच के साथ-साथ अब उसकी और मंगेतर सिया गोयल के कई वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो को देखने के बाद लोग हैरानी जता रहे हैं, क्योंकि कैमरे के सामने दोनों की केमिस्ट्री किसी फिल्मी प्रेम कहानी जैसी नजर आती है. कहीं कार के अंदर प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन हो रहा है, कहीं दोनों रोमांटिक डांस करते दिखाई दे रहे हैं, तो कहीं केतन घुटनों पर बैठकर सिया को प्रपोज करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में दोनों की मुस्कान और एक-दूसरे के लिए अपनापन देखकर शायद ही किसी को अंदाजा हो कि सिया केतन की हत्या करवा सकती है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में केतन अपनी मंगेतर सिया के लिए खास सरप्राइज तैयार करते दिखाई देते हैं. वीडियो में वह पहले सिया को फूल देते हैं. इसके बाद कार का सनरूफ खोलते हैं, जिसे फूलों से सजाया गया था. सरप्राइज देखकर सिया खुश नजर आती हैं. दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हैं और काफी भावुक पल साझा करते दिखाई देते हैं. यह वीडियो अब लाखों लोगों तक पहुंच चुका है.
डांस फ्लोर पर दिखी जबरदस्त केमिस्ट्री
एक अन्य वीडियो में केतन और सिया रोमांटिक गाने पर डांस करते दिखाई देते हैं. दोनों के चेहरे पर मुस्कान है और वे अपने दोस्तों के बीच खुशी के पल बिताते नजर आते हैं. वायरल वीडियो में एक दृश्य ऐसा भी है जिसमें केतन घुटनों पर बैठकर सिया को प्रपोज करते नजर आते हैं. वहां मौजूद लोग तालियां बजाते हैं और सिया भी मुस्कुराते हुए इस पल का हिस्सा बनती दिखाई देती हैं. यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. कई यूजर्स लिख रहे हैं कि वीडियो में दिख रही खुशियां और बाद में सामने आए घटनाक्रम के बीच का अंतर समझ पाना मुश्किल है.
जांच में क्या आया सामने
31 मई को केतन अग्रवाल और सिया गोयल ट्रैकिंग के लिए लोहागढ़ किले गए थे. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सिया ने केतन की हत्या की प्लानिंग की. जांच में दावा किया गया है कि सिया और उसके प्रेमी चेतन दोनों ने पहले भी अपनी योजना को अंजाम देने की कोशिश की थी. 14 जून को वे केतन को लोहागढ़ ले गए और सांप का डर दिखाकर उसे खाई में धक्का देने की कोशिश की. हालांकि, उस समय केतन को कोई शक नहीं हुआ और यह प्रयास विफल हो गया. बाद में सिया ने 19 जून को फिर से लोहागढ़ ट्रैकिंग का कार्यक्रम बनाया. इस दौरान चेतन चौधरी को पीछे से मौके पर बुलाया गया और केतन अग्रवाल को किले से नीचे धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस जांच में निष्कर्ष निकाला गया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी.
बाली भी जाने का था प्लान
केतन अग्रवाल के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि शादी से पहले केतन और सिया बाली घूमने जाने वाले थे. सभी यात्रा तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन रास्ते में सिया ने बताया कि उसका पासपोर्ट खो गया है, जिसके कारण यात्रा रद्द करनी पड़ी. परिजनों ने यह भी बताया कि केतन ने सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में भव्य समारोह की योजना बनाई थी और इसके लिए करीब 40 कमरे बुक किए गए थे. इससे पहले सिया ने लोहागढ़ में प्री-वेडिंग फोटोशूट की भी योजना बनाई थी. परिवार का कहना है कि जब उन्हें पता चला कि केतन की मौत हादसा नहीं बल्कि कथित हत्या है, तो वे स्तब्ध रह गए. जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया ने एक होटल के वॉशरूम में अपना पासपोर्ट फाड़कर फेंक दिया था, जहां वे नाश्ते के लिए रुके थे. इसी वजह से बाली यात्रा रद्द करनी पड़ी.
शादी नहीं करनी थी तो मना कर देती
केतन के घर वालों का कहना है कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ मना कर सकती थी. हम तुरंत शादी रद्द कर देते. लेकिन इतना खौफनाक कदम उठाने की क्या जरूरत थी? कैसी मानसिकता है उनकी कि किसी के 26 वर्षीय बेटे की जान ले ली जाए? सरकार से मेरी सिर्फ एक अपील है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो. आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त से सख्त सजा मिले, ताकि समाज में एक स्पष्ट संदेश जाए. केतन अग्रवाल की मां का कहना है कि मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा. सिया और उसका प्रेमी ही इसके पूरी तरह जिम्मेदार हैं. सिया ने मुझे धोखा दिया, झूठ बोला. हमें कभी कोई शक नहीं हुआ. मैं उससे कई बार मिली थी. हम साथ में खरीदारी करने जाते थे, डिनर पर जाते थे. हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह ऐसी निकलेगी. मैं इस घटना में शामिल सभी लोगों के लिए फांसी की सजा की मांग करती हूं.
aajtak.in