पुणे में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे 61 के मालशेज घाट के करंजाले इलाके में सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया है, जिससे जिला प्रशासन ने हाईवे को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया है। प्रशासन ने मुंबई जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं और नागरिकों से सरकारी निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है.
जिला प्रशासन ने बताया कि पुणे और अहिल्यानगर को मुंबई से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 61 स्थित मालशेज घाट मार्ग पर रविवार रात से अगले आदेश तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है.
प्रशासन ने बताया कि ये फैसला इलाके में लगातार जारी बारिश के कारण करंजाले क्षेत्र में सड़क का बड़ा हिस्सा धंस जाने का कारण लिया गया है, जिससे गंभीर हादसा हो सकता है. नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने यह महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है.
आदेश के अनुसार, आलेफाटा से खुबी फाटा के बीच सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है.
प्रशासन ने आलेफाटा से खुबी फाटा मार्ग बंद होने के बाद मुंबई की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए पुणे-तलेगांव-लोणावला-खोपोली-मुंबई मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर सुझाया है. इसके अतिरिक्त, अहिल्यानगर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को नारायणगांव-खेड़-चाकण-तलेगांव एमआईडीसी-लोणावला-मुंबई मार्ग का इस्तेमाल करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं.
जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वो किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें. सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और इस मानसूनी मौसम में बेहद सावधानी के साथ वाहन चलाएं.
aajtak.in