यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अब अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, नासिक से खरात के बेटे हर्षवर्धन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. मंगलवार को SIT की टीम बाबा के कर्मयोगी नगर स्थित आवास पर पहुंची और वहां से उसके बेटे को हिरासत में लेकर महाराष्ट्र पुलिस अकादमी (MPA) ले गई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है.
अशोक खरात के खिलाफ नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इनमें से 8 मामले यौन उत्पीड़न या शोषण से जुड़े हैं, जबकि 2 मामले धोखाधड़ी के दर्ज किए गए हैं. मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एसआईटी के पास अब तक फोन के जरिए खरात के खिलाफ 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं.
फरार पत्नी की तलाश में छापेमारी जारी
SIT न केवल खरात के बेटे से पूछताछ कर रही है, बल्कि फरार पत्नी की तलाश में भी तगड़ी छापेमारी कर रही है. पुलिस को संदेह है कि खरात के खिलाफ दर्ज मामलों और उसकी गतिविधियों के बारे में परिवार के अन्य सदस्यों को भी पक्की जानकारी हो सकती है. बेटे हर्षवर्धन से पूछताछ के जरिए पुलिस खरात की पत्नी और उसके संभावित ठिकानों का सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है.
फिलहाल, नासिक पुलिस और SIT की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं. जिस तरह से शिकायतों की संख्या बढ़ रही है, उसे देखते हुए पुलिस अब खरात के करीबी संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि हर्षवर्धन से मिलने वाली जानकारी इस मामले की जांच में काफी अहम साबित हो सकती है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी संभव हैं.
aajtak.in