महाराष्ट्र के कई जिलों में भी बारिश से बुरा हाल है. जलगांव के भुसावल तहसील में भारी बारिश की वजह से हतनूर डैम से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया है. ऐसे में प्रशासन ने डैम एरिया और तापी नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की है.
भुसावल और जलगांव जिलों में लगातार हो रही बारिश की वजह से डैम में पानी का लेवल तेजी से बढ़ा है. जानकारी के मुताबिक, भुसावल में हतनूर डैम के 16 गेट 1 मीटर तक खोल दिए गए हैं.
अभी डैम से तापी नदी बेसिन में 33 हजार 408 क्यूसेक की स्पीड से पानी छोड़ा जा रहा है. इस वजह से नदी किनारे बसे गांवों में चेतावनी जारी कर दी गई है,
तापी नदी किनारे बसे गांवों के लिए अलर्ट जारी
इस बीच, हतनूर डैम के कैचमेंट एरिया में 288 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. इसलिए, प्रशासन ने संभावना जताई है कि अगले कुछ घंटों में पानी छोड़ा जाना और बढ़ाया जा सकता है. इरिगेशन सब-डिविजनल ऑफिसर एस जी चौधरी ने लोगों से नदी बेसिन और डैम एरिया में न जाने की अपील की है. प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: बारिश शुरू हुई और भोपाल रेलवे स्टेशन की छत से बहने लगा झरना, VIDEO वायरल
बता दें देश के कई राज्यों में बारिश और तूफान का सिलसिला जारी है. कई हिस्सों में भारी बारिश से तबाही मच गई है. एक तरफ मुंबई और पुणे में जलभराव की स्थित बनी हुई है तो वहीं केरल के वायनाड में भूस्खलन हो गया है.
(इनपुट- मनीष जोग)
aajtak.in