राजधानी भोपाल में सोमवार को हुई तेज बारिश ने रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी. शहर के प्रमुख भोपाल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की छत से बारिश का पानी झरने की तरह बहता दिखाई दिया. इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
वायरल वीडियो में प्लेटफॉर्म की छत से लगातार पानी गिरता दिखाई दे रहा है. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भीगते हुए प्लेटफॉर्म पर आने-जाने और ट्रेन का इंतजार करने में परेशानी हुई. बारिश के बीच स्टेशन पर बनी यह स्थिति यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बन गई.
यात्रियों का कहना है कि बारिश के मौसम में रेलवे स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगह पर इस तरह की स्थिति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है. उनका कहना है कि अगर स्टेशन पर नियमित रखरखाव और समय पर मरम्मत का काम किया जाता तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था. लोगों का मानना है कि बारिश शुरू होने से पहले जरूरी तैयारियां पूरी होनी चाहिए थीं.
यात्रियों ने रखरखाव और मरम्मत पर उठाए सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि यह मामला विभाग के संज्ञान में आ गया है. उन्होंने बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें छत से पानी नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है. उस समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी.
सौरभ कटारिया ने कहा कि संबंधित स्थान के रेन वॉटर आउटलेट और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि प्री-मानसून के दौरान भी सभी स्टेशनों पर नियमित रूप से सफाई और रखरखाव का काम कराया जाता है. जहां भी पानी रिसने या गिरने की समस्या सामने आती है, वहां आवश्यक मरम्मत भी कराई जाती है.
वायरल वीडियो की जांच में जुटा रेलवे प्रशासन
उन्होंने यह भी कहा कि वायरल वीडियो की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है. यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
धर्मेंद्र साहू