महाराष्ट्र: 5 छात्रों के नदी में डूबने से मौत की आशंका, एक का बरामद हुआ शव

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में घुग्घुस के पास वर्धा नदी में 5 कॉलेज छात्रों के डूबने की आशंका है. सभी युवक रविवार को तैरने के लिए नदी गए थे, लेकिन घर नहीं लौटे. परिजनों को नदी किनारे उनके कपड़े, मोबाइल और चप्पल मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

Advertisement
चंद्रपुर में 5 युवकों की डूबने से हुई मौत. (Photo: Screengrabs) चंद्रपुर में 5 युवकों की डूबने से हुई मौत. (Photo: Screengrabs)

विकास राजूरकर

  • चंद्रपुर,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:01 PM IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में घुग्घुस के पास वर्धा नदी में पांच युवकों के डूबने की आशंका से सनसनी फैल गई है. बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया है, जबकि चार अन्य युवकों की तलाश अभी भी जारी है. घटना के बाद मृतक और लापता युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Advertisement

घुग्घुस शहर के इंदिरा नगर निवासी 5 युवक रविवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. जब परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की तो माथारदेवी परिसर स्थित पानी की टंकी के पास वर्धा नदी किनारे युवकों के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें मिलीं. इसके बाद परिजनों ने तत्काल घुग्घुस पुलिस स्टेशन में सूचना दी.

बरामद युवक के शव की हुई पहचान
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया. हालांकि रात का अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन प्रभावित हुआ. सोमवार सुबह विशेष खोजी दल को बुलाकर नदी में दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया. नावों की मदद से चलाए गए अभियान के दौरान एक युवक का शव नदी से बरामद किया गया.  जिसकी पहचान तन्मय पथाडे के रूप में हुई है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार नदी में डूबने वाले युवकों में तन्मय पथाडे, सम्यक सोनटक्के, नकुल केलजरकर, सन्नी आसमपल्ली और रोहित बोबले शामिल हैं. सभी की उम्र 18 से 19 वर्ष के बीच बताई जा रही है और वे कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे. प्रारंभिक आशंका है कि सभी युवक नदी में तैरने गए थे और गहरे पानी में चले जाने के कारण हादसे का शिकार हो गए.

अन्य युवकों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद इंदिरा नगर इलाके में मातम पसरा हुआ है. सभी युवक एक ही परिसर के रहने वाले थे और आपस में अच्छे दोस्त बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में नदी किनारे जुटे हुए हैं और सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं. 

घुग्घुस पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर प्रकाश राऊत ने बताया कि युवकों के कपड़े, मोबाइल और चप्पल नदी किनारे मिलने के बाद नदी में खोज अभियान शुरू किया गया था. उन्होंने कहा कि अब तक एक युवक का शव बरामद हो चुका है, जबकि बाकी चार युवकों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है. पुलिस और बचाव दल को उम्मीद है कि जल्द ही अन्य युवकों का भी पता चल सकेगा. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »