बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है. दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष मकोका अदालत में याचिका दाखिल कर सरेंडर करने की इच्छा जताई है. उसने अदालत से कहा है कि वह निष्पक्ष सुनवाई और न्याय के हित में इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहता है.
दरअसल, अनमोल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है. उसे पिछले साल नवंबर में अमेरिका से भारत लाया गया था, जिसके बाद NIA ने उसे गिरफ्तार किया. फिलहाल वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और कई चर्चित मामलों में वांछित रहा है.
मुंबई पुलिस सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में भी अनमोल बिश्नोई की तलाश कर रही है. अपनी याचिका में उसने कहा है कि वह स्वेच्छा से अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहता है ताकि चल रहे मुकदमे का सामना कर सके और न्यायिक कार्यवाही में शामिल हो सके.
अनमोल ने अदालत को बताया कि वह पहले से ही एक अन्य मामले में कानून की हिरासत में है. ऐसे में अदालत के आदेश के बिना वह व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकता. इसलिए उसने अदालत से अनुरोध किया है कि तिहाड़ जेल के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किया जाए, ताकि उसे इस मामले में अदालत के समक्ष पेश किया जा सके या आवश्यक होने पर वर्चुअल माध्यम से कार्यवाही पूरी की जा सके.
याचिका में यह भी कहा गया है कि उसके सरेंडर से अभियोजन पक्ष को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा. इसके विपरीत इससे मुकदमे की सुनवाई में तेजी आएगी और कानूनी प्रक्रिया के दुरुपयोग की आशंका भी कम होगी. याचिका के अनुसार, इस मामले की सुनवाई शुरू हो चुकी है और अनमोल की अनुपस्थिति में अब तक तीन गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं.
गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2024 की सुबह मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार दो हमलावरों ने फायरिंग की थी. जांच में सामने आया कि इस वारदात को विक्की गुप्ता और सागर पाल ने अंजाम दिया था. इस मामले में विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनूकुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी, हरपाल सिंह और चौधरी न्यायिक हिरासत में हैं. वहीं, आरोपी अनुजकुमार थापन ने पुलिस हिरासत के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी.
aajtak.in