महाराष्ट्र के अंबरनाथ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मां के लिव-इन पार्टनर की कथित पिटाई का शिकार बने सात साल के मासूम की मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की थी. घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था. अब बच्चे की मौत के बाद उसके खिलाफ हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 25 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है. वह बच्चे की मां के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. महिला अपने पति से अलग होने के बाद अपने सबसे छोटे बेटे के साथ अंबरनाथ में आरोपी के घर रह रही थी. उसके दो बड़े बच्चे अपने पिता के साथ रहते हैं.
मां के साथ सोने से नाराज रहता था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को इसलिए पसंद नहीं करता था क्योंकि वह अपनी मां के साथ सोता था. आरोपी उसे अपने संबंधों में रुकावट मानता था. आरोप है कि जब महिला काम पर चली जाती थी, तब वह कई दिनों से बच्चे के साथ मारपीट करता था. बच्चे ने अपनी मां को भी पिटाई की जानकारी दी थी. इसके बाद महिला ने आरोपी को चेतावनी दी थी, लेकिन उसका व्यवहार नहीं बदला.
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को आरोपी ने बच्चे की बेलन से बेरहमी से पिटाई की. आरोप है कि उसने बच्चे के गुप्तांग पर भी कई बार लात मारी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं. घटना के बाद घायल बच्चे को पहले उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया. हालत बिगड़ने पर उसे सायन अस्पताल रेफर किया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए मुंबई के केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अंबरनाथ के एसीपी शैलेश काले ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने दावा किया कि बच्चे के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की है. हालांकि पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ. इसके बाद जांच और पूछताछ में पूरी घटना का खुलासा हो गया. पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया. एसीपी शैलेश काले और अंबरनाथ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सैयद ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
मिथिलेश गुप्ता