'महंगाई से बेहाल जनता', रिक्शा चलाते विधानसभा पहुंचे इरफान अंसारी, पीछे पोस्टर के साथ बैठीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. सत्ता पक्ष के विधायकों ने सिलेंडर के कटआउट और पोस्टर के साथ विरोध प्रदर्शन किया. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी रिक्शा चलाकर सदन पहुंचे. विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने इसे राजनीति बताया. मुद्दे पर सदन में काफी देर तक हंगामा होता रहा.

Advertisement
रिक्शा चलाकर सदन पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी (Photo: Screengrab) रिक्शा चलाकर सदन पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी (Photo: Screengrab)

सत्यजीत कुमार

  • रांची ,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:42 PM IST

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा. सदन के बाहर इस मुद्दे पर सत्तापक्ष के विधायक विरोध प्रदर्शन करते नजर आए. झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और आरजेडी के विधायकों ने एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ हाथों में गैस सिलेंडर का रिप्लिका लेकर विधानसभा परिसर के बाहर और अंदर प्रदर्शन किया. विधायकों ने संसद से नरेंद्र मोदी गायब, देश से सिलेंडर गायब जैसे नारों वाले पोस्टर भी दिखाए और केंद्र सरकार पर जनता को परेशान करने का आरोप लगाया.

Advertisement

विधानसभा में उस समय गहमागहमी बढ़ गई जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी खुद रिक्शा चलाते हुए सदन पहुंचे. उनके पीछे सीट पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बैठी हुई थीं और उनके हाथ में महंगाई के खिलाफ नारे लिखे पोस्टर थे.

रिक्शा चलाकर सदन पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमले और उसके बाद मध्य पूर्व एशिया में बनी नाजुक स्थिति ने भारतीय अर्थव्यवस्था की पोल खोल दी है. उनका कहना था कि इससे केंद्र सरकार की विदेश नीति की विफलता भी सामने आई है.

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब राज्य के मंत्री ही पेट्रोलियम संकट और गैस की किल्लत का सामना कर रहे हैं तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने देश को रिक्शे पर ला दिया है.

Advertisement

सदन शुरू होते ही प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायक गैस सिलेंडर के कटआउट के साथ स्पीकर के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगे. इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को चुनौती देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जनता परेशान है और घरेलू गैस की आपूर्ति ठप हो गई है.

ईरान संकट और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

वहीं बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष गैस की किल्लत का रोना रोकर राजनीति कर रहा है और राज्य को अराजकता की ओर धकेलने की कोशिश कर रहा है. जेडीयू नेता सरयू राय ने भी कहा कि सरकार ने खुद नंबर जारी कर बताया है कि गैस की किल्लत नहीं है और उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिल रहा है.

सदन के बाहर सत्तापक्ष के मुख्य सचेतक मथुरा महतो ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनता को सड़क पर लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. उन्होंने कहा कि अच्छे दिन के वादे की सच्चाई अब सामने आ चुकी है. वाम दल के विधायक अरूप चटर्जी ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर गैस की किल्लत नहीं है तो देश भर में रेस्टोरेंट, खाने पीने की दुकानों और उद्योगों पर असर क्यों पड़ रहा है.

Advertisement

स्पीकर के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ सदन का हंगामा

सदन में लगातार नारेबाजी और हंगामे के बीच स्पीकर के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई. कुल मिलाकर गैस सिलेंडर की किल्लत का मुद्दा पूरे दिन विधानसभा में छाया रहा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement