छत्तीसगढ़ से झारखंड पहुंचा 50 जंगली हाथियों का झुंड, 24 गांवों में दहशत, शाम होते ही घरों में कैद हो रहे लोग

झारखंड के गढ़वा जिले में छत्तीसगढ़ के रास्ते पहुंचे जंगली हाथियों के बड़े झुंड ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है. करीब 40 से 50 हाथियों के एक झुंड की मौजूदगी से 24 गांव प्रभावित हैं. ग्रामीण शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं. वन विभाग ने चार क्यूआरटी और विशेषज्ञों की दो टीमों को अलर्ट पर रखा है.

Advertisement
हाथियों की वजह से घरों में कैद हैं लोग. (Photo: ITG) हाथियों की वजह से घरों में कैद हैं लोग. (Photo: ITG)

चंदन कुमार कश्यप

  • गढ़वा,
  • 25 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:11 PM IST

झारखंड के गढ़वा जिले के कई गांवों में इन दिनों लोग जंगली हाथियों के डर के बीच जी रहे हैं. छत्तीसगढ़ के रास्ते जंगली हाथियों के कई झुंड गढ़वा के जंगलों में पहुंच गए हैं. इनमें करीब चार से पांच दर्जन हाथियों का एक बड़ा झुंड भी शामिल है. हाथियों की इस आवाजाही से जिले के 24 गांवों के लोग परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही उन्हें घरों में रहने को मजबूर होना पड़ता है. डर इस बात का भी है कि कहीं हाथी घरों में घुसकर नुकसान न पहुंचा दें.

Advertisement

हालात को देखते हुए वन विभाग ने चार क्विक रिस्पॉन्स टीमों यानी क्यूआरटी को अलर्ट पर रखा है. हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेषज्ञों की दो टीमें भी इलाके में मौजूद हैं. गढ़वा जिला छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमाओं के पास बसा है. जंगलों से घिरे इस इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही होती रहती है. लेकिन इन दिनों छत्तीसगढ़ की ओर से हाथियों के कई झुंड गढ़वा के सीमावर्ती इलाकों में पहुंच गए हैं. इनमें चार से पांच दर्जन हाथियों का एक बड़ा झुंड भी शामिल है.

यहां देखें Video

हाथियों की गतिविधियों से चिनिया, रंका, रमकंडा, भंडरिया, मेराल और बड़गढ़ प्रखंड के जंगलों और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं. कुल 24 गांवों में डर का माहौल है. ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि हाथियों का झुंड कब और किस तरफ पहुंच जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. लोगों को डर है कि हाथी उनके घरों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. रात के समय घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा लग रहा है.

Advertisement

सुबह 7 से शाम 5 बजे तक निपटा रहे जरूरी काम

हाथियों की मौजूदगी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बदल दी है. ग्रामीणों के मुताबिक, वे सुबह करीब 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही अपने जरूरी काम निपटाने की कोशिश करते हैं. इसके बाद घरों में रहना ही सुरक्षित लगता है. खेती-किसानी और दूसरे जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने वाले लोगों को भी सतर्क रहना पड़ रहा है. रात में हाथियों के हमले और जान-माल के नुकसान की आशंका लोगों की चिंता बढ़ा रही है.

प्रदीप और चिंता देवी ने कहा कि हाथियों की संख्या काफी ज्यादा है. उन्हें हर वक्त इस बात का डर सताता रहता है कि कहीं हाथी उनके घरों को क्षतिग्रस्त कर अंदर न घुस जाएं. रात के समय भी लोग चैन से सो नहीं पा रहे हैं. हाथियों के हमले और जान-माल के नुकसान की आशंका ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें: रिहायशी इलाके के करीब पहुंचे 16 जंगली हाथी... दहशत का माहौल, देखने के लिए जुटी भीड़, वन विभाग की माइकिंग शुरू

हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने चार क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं. इन टीमों का काम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचना है. इसके अलावा विशेषज्ञों की दो टीमें भी इलाके में मौजूद हैं.

Advertisement

वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है. लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. हाथियों के झुंड के पास जाने या उन्हें परेशान करने से स्थिति और खतरनाक हो सकती है.

गढ़वा के डीएफओ एबीन बेनी अब्राहम ने कहा कि हाथियों से नुकसान होने पर नियमानुसार पीड़ितों को मुआवजा दिया जाता है. वन विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं. ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. वहीं, उपायुक्त पीएन मिश्रा ने भी स्थिति को चिंताजनक बताते हुए वन विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. उन्होंने ग्रामीणों से अपने-अपने इलाकों में सतर्क रहने को कहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »