'आपको मामा कहना…', जब शिवराज सिंह चौहान की तारीफ में उमर अब्दुल्ला ने पढ़े कसीदे

जम्मू-कश्मीर में विकास को रफ्तार देने के लिए 3550 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट्स की शुरुआत के बीच सियासी बयानबाजी भी सुर्खियों में रही. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को 'मामा' कहकर उनकी तारीफ की है. उन्हें राज्य का सच्चा दोस्त बताया, जिससे राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई.

Advertisement
जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 3550 करोड़ के प्रोजेक्ट की शुरुआत की है. (Photo: PTI) जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 3550 करोड़ के प्रोजेक्ट की शुरुआत की है. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • श्रीनगर,
  • 28 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:34 PM IST

जम्मू-कश्मीर की राजधान श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (SKICC) में नए ग्रामीण विकास प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की गई है. इस मौके पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की है. उन्होंने उनको "सच्चा दोस्त और शुभचिंतक" बताया और कहा कि उन्हें 'मामा' कहना बिल्कुल गलत नहीं है.

इस कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (PMGSY) के चौथे चरण के तहत 3550 करोड़ रुपए की लागत वाले 330 नए सड़क प्रोजेक्ट की शुरुआत की है. इनका मकसद करीब 1600 किलोमीटर इलाके को कवर करना है. इन सड़कों से जम्मू-कश्मीर के 363 दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.

Advertisement

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शिवराज सिंह चौहान को 'मामा' कहकर संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के लोग उन्हें प्यार से इस नाम से बुलाते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि उनकी सरकार इन प्रोजेक्ट्स के लिए मिले फंड का सही और पारदर्शी इस्तेमाल सुनिश्चित करेगी. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को सत्ता में आए डेढ़ साल हो चुके हैं.

इस दौरान केंद्र की तरफ से लगातार सहयोग मिला है. पिछले एक साल में ही PMGSY के तहत जम्मू-कश्मीर को 8000 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स दिए गए हैं, इसलिए फिलहाल उन्हें और फंड की मांग करने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है. उन्होंने आगे कहा कि मंजूर किए गए सभी प्रोजेक्ट्स पर आने वाले कुछ महीनों में काम शुरू कर दिया जाएगा. 

उन्होंने कहा, "जब आप हमारे काम से संतुष्ट हो जाएंगे, तो (उप-मुख्यमंत्री) सुरिंदर चौधरी और मैं ज्यादा प्रोजेक्ट्स की मंजूरी के लिए आपके पास फिर आएंगे." सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं. सड़कों के बेहतर होने से दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं. 

Advertisement

उमर अब्दुल्ला ने कहा, "जिस सफर में पहले घंटों लगते थे, अब सड़क बनने के बाद वह आसान हो गया है. सैलानी शहरों को देखने आते हैं, लेकिन हमारा दिल गांवों के लिए धड़कता है." उन्होंने भरोसा जताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय का सहयोग विकसित जम्मू-कश्मीर और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा. 

उन्होंने कहा कि सरकार इन फंड्स का इस्तेमाल पूरी जिम्मेदारी और समझदारी के साथ करेगी ताकि आम लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सिर्फ घोषणाएं करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर ठोस विकास कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का फोकस इस बात पर है कि सड़कें, बुनियादी सेवाएं और सुविधाएं देश के सबसे दूरदराज गांवों तक पहुंचें. उन्होंने यह भी कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय मुख्यधारा से मजबूत तरीके से जोड़ने का अहम माध्यम है. केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर की मदद के लिए सदैव खड़ी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement