ChatGPT, क्लॉड से रिसर्च, चीन के लिए जासूसी का शक! आर्मी ऑफिसर की पत्नी पर FIR

आर्मी ऑफिसर की पत्नी के खिलाफ जासूसी से जुड़े आरोपों में जम्मू-कश्मीर में FIR दर्ज की गई है. महिला पर चीन के संदिग्ध संपर्कों के लिए रक्षा, सुरक्षा और भू-राजनीति से जुड़े विषयों पर रिसर्च पेपर तैयार करने का आरोप है. महिला ने पूछताछ में कहा कि उसकी रिसर्च सार्वजनिक सोर्सेज पर आधारित थी. इसमें ChatGPT और Claude की मदद ली गई है.

Advertisement
मेजर की वाइफ पर चैटजीपी, क्लॉड की मदद से चीन के लिए जासूसी रिसर्च पेपर तैयार करने का आरोप लगा है. (Representational Image-ITG) मेजर की वाइफ पर चैटजीपी, क्लॉड की मदद से चीन के लिए जासूसी रिसर्च पेपर तैयार करने का आरोप लगा है. (Representational Image-ITG)

aajtak.in

  • श्रीनगर,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:38 AM IST

जम्मू में सेना के एक मेजर की पत्नी के खिलाफ जासूसी के आरोप में केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि महिला ने ChatGPT और Claude जैसे AI टूल की मदद से देश की सुरक्षा और रक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर रिसर्च पेपर तैयार किए. जांच एजेंसियों को शक है कि ये दस्तावेज चीन की खुफिया एजेंसियों से जुड़े लोगों के लिए तैयार किए जा रहे थे. हालांकि, महिला को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, उससे पूछताछ हुई है. वह जांच में सहयोग कर रही है.

Advertisement

जम्मू रेलवे स्टेशन पर आर्मी ऑफिसर की पत्नी को रोका गया

खुफिया एजेंसी और पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 अक्टूबर को महिला को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रोका था. वह पठानकोट जाने वाली ट्रेन पकड़ने की तैयारी में थी. इसके बाद उसे पास के एक सैन्य स्टेशन पर ले जाकर पूछताछ की गई. उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है. फोन की फॉरेंसिक जांच की जा रही है. महिला तेलंगाना की रहने वाली है. वह फ्रीलांस रिसर्चर के तौर पर काम करती है. उसने 2023 में संयुक्त राष्ट्र (UN) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी इंटर्नशिप की थी. उसकी शादी अक्टूबर 2023 में सेना में मेजर रैंक के अधिकारी से हुई थी.

अधिकारियों ने बताया कि महिला से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) की स्थिति, अरुणाचल प्रदेश में अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और ड्रोन की तैनाती जैसे मुद्दों पर पेपर तैयार करने को कहा गया था. उसके फोन से शुरुआती जांच में डिफेंस और सुक्योरिटी से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: फरार होने की फिराक में थी तभी FBI ने महिला को धर-दबोचा, ताइवानी राष्ट्रपति के परिवार की करती थी जासूसी

इनमें मानेकशॉ सेंटर में भारत-इटली रक्षा बैठक, भारतीय सेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा और भारत-रूस रक्षा समझौते से जुड़े दस्तावेज शामिल बताए गए हैं. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की कलई-II जलविद्युत और कमला परियोजनाओं, सेना की कोल्ड स्टार्ट रणनीति, भारत-सेशेल्स संबंधों, असम में परियोजनाओं और भारत-चीन संबंधों से जुड़ी सामग्री भी मिली है.

विदेशी नागरिकों से संपर्क की भी जांच

पूछताछ के दौरान महिला ने कहा कि उसकी रिसर्च पूरी तरह सार्वजनिक सोर्सेज पर आधारित थी. उसने चैट जीपीटी और क्लॉड की मदद लेने की बात भी कही. अधिकारियों का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र में इंटर्नशिप के दौरान उसकी कई विदेशी नागरिकों से बातचीत हुई थी. इनमें एक चीनी नागरिक भी शामिल था. आरोप है कि वह उससे WhatsApp के जरिए संपर्क में थी.

जांच अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि 2024 में महिला सोशल मीडिया के जरिए मलेशिया के एक नागरिक के संपर्क में थी. वह व्यक्ति एक कंसल्टेंसी चलाता था और उस पर चीनी खुफिया एजेंसियों के लिए काम करने का शक है.

यह भी पढ़ें: असम में जासूसी का भंडाफोड़, PAK को खुफिया जानकारी भेजने वाले रिटायर्ड जवान समेत 2 अरेस्ट

Advertisement

जम्मू के गांधी नगर पुलिस स्टेशन में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया. इसमें सरकारी गोपनीयता कानून और भारतीय न्याय संहिता की कुछ धाराएं लगाई गई हैं. इनमें आपराधिक साजिश और देश की संप्रभुता से जुड़े अपराधों के प्रावधान शामिल हैं. जांच की जिम्मेदारी एक डीएसपी को सौंपी गई है.

फिलहाल एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि महिला ने कौन-सी जानकारी तैयार की और क्या उसे विदेशी संपर्कों के साथ शेयर किया गया. उसके डिजिटल उपकरणों, दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है. अभी आरोपों की जांच जारी है और महिला को गिरफ्तार नहीं किया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »