हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. जिले के चुराह उपमंडल में नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक कार करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, हादसे की शिकार हुई कार चुराह क्षेत्र से गुजर रही थी. इसी दौरान अचानक बैलेंस बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के समय उसमें चार लोग सवार थे. आसपास के लोगों को पता चला तो तुरंत मौके पर पहुंचे और जायजा लिया.
घटना की सूचना मिलते ही तीसा पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. टीम ने राहत और बचाव अभियान चलाया. खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. हादसे वाली जगह दुर्गम होने की वजह से टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस का कहना है कि सभी मृतक चुराह उपमंडल की टिकरीगढ़ पंचायत के रहने वाले हैं.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना चालक के नियंत्रण खोने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी. प्रशासन मृतकों की औपचारिक पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटा है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. चंबा जिले में कल शनिवार को भी भरमौर क्षेत्र में हादसा हुआ था. लगातार सामने आ रहे इस तरह के हादसों ने पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
विशाल आनंद