हरियाणा के फरीदाबाद में बल्लभगढ़ स्थित एक होटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. वन स्टार गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 201 में महिला का शव बेड पर पड़ा मिला. मृतका की पहचान बिहार निवासी चांदनी कुमारी के रूप में हुई है. वह शनिवार सुबह एक व्यक्ति के साथ होटल में ठहरी थी. महिला की मौत के बाद उसके साथ आए शख्स की तलाश की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक चांदनी कुमारी सुबह एक व्यक्ति के साथ बल्लभगढ़ के वन स्टार गेस्ट हाउस पहुंची थी. दोनों ने होटल में कमरा नंबर 201 लिया था. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय महिला और उसके साथ आया व्यक्ति खाना लेने के लिए होटल से बाहर भी गए थे. इसके बाद दोनों वापस होटल लौट आए.
लेकिन रात करीब 8:30 बजे होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टाफ को कमरे में महिला का शव बेड पर पड़ा मिला. होटल कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई.
कमरे में मिला महिला का शव, शेखर राम की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने होटल के कमरे की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक महिला के साथ होटल में आए व्यक्ति की पहचान शेखर राम के रूप में हुई है. घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले कमरे में क्या हुआ था.
फिलहाल महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर सकती है, ताकि चांदनी की मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके.
सचिन गौड़