हरियाणा के नूंह जिले के थाना बिछोर क्षेत्र के गांव सिंगार में बकरीद के दिन नमाज के बाद दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई. बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया. इस घटना में एक गर्भवती महिला समेत करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटना को लेकर एक पक्ष के शाहरुख ने बताया कि उनका परिवार घर पर खाना खा रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी दुश्मनी के चलते उनके परिवार को निशाना बनाया गया.
पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट
शाहरुख के मुताबिक हमले में उनके भाई को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं उनकी पांच महीने की गर्भवती भाभी भी इस मारपीट में घायल हो गईं. उन्होंने कहा कि बीच-बचाव करने आए कुछ अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वहीं मौके पर मौजूद खुर्शीद ने बताया कि बकरीद की नमाज के बाद जब लोग अपने घर लौट रहे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. धीरे-धीरे बहस बढ़ती गई और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया. उन्होंने बताया कि कई घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है.
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि आपसी झगड़े में घायल हुए 6 से 7 लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे. डॉक्टर के अनुसार घायलों के सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें पाई गई हैं. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के जबड़े में गंभीर चोट आई है, जबकि एक शख्स का हाथ टूटने की जानकारी भी सामने आई है. डॉक्टर के मुताबिक घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंडीखेड़ा अस्पताल और नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में बढ़ाई गई निगरानी
उधर मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे मामले पर प्रशासन नजर बनाए हुए है.
aajtak.in