हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. यह घटना सेक्टर 53 इलाके के एक किराए के PG फ्लैट की है. पुलिस के अनुसार, युवक की मौत सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा की ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. मृतक की पहचान रोहित लाल के रूप में हुई है, जो नागपुर का रहने वाला था. वह नई दिल्ली स्थित क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यालय में काम करता था और गुरुग्राम में किराए के फ्लैट में रह रहा था.
यह घटना गुरुवार सुबह सामने आई, जब रोहित का एक सहकर्मी उसे फोन कर रहा था, लेकिन वह न तो फोन उठा रहा था और न ही कमरे का दरवाजा खोल रहा था. सहकर्मी ने बताया कि दोनों रोज एक साथ ऑफिस जाते थे, लेकिन उस दिन रोहित का कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. अंदर जाकर देखा तो युवक बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था. कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ दवाओं और हेल्थ सप्लीमेंट के रैपर भी मिले.
कमरे से दवाओं और सप्लीमेंट के रैपर बरामद
जांच में यह भी सामने आया कि रोहित ने अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि उसने सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा ली थी, जिसकी अधिक मात्रा यानी ओवरडोज के कारण उसे हार्ट अटैक आया हो सकता है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है. साथ ही, कमरे से मिली दवाओं और अन्य सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.
विसरा रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी असली वजह
सेक्टर 53 थाना प्रभारी सतेंद्र रावल ने बताया कि विसरा और जब्त की गई दवाओं को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. यह मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
aajtak.in