LIVE: कंपनियां बंद, पानी की सप्लाई बाधित... बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से गुरुग्राम सहित हरियाणा के कई इलाकों में पैनिक

बिजली विभाग के करीब 40,000 कर्मचारियों और इंजीनियरों की स्ट्राइक से हरियाणा में बड़ा संकट खड़ा हो गया है. स्ट्राइक के कारण गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह सहित कई इलाकों में  बिजली कटौती, पानी की सप्लाई और उद्योग पर भारी असर देखने को मिल रहा है.

Advertisement
बिजली कर्मचारी प्राइवेटाइजेशन के विरोध में तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं. (Photo: ITG) बिजली कर्मचारी प्राइवेटाइजेशन के विरोध में तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं. (Photo: ITG)

कमलजीत संधू

  • गुरुग्राम,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:44 AM IST

हरियाणा में पावर सेक्टर के कथित प्राइवेटाइजेशन के खिलाफ बिजली विभाग के करीब 40,000 कर्मचारियों और इंजीनियरों की स्ट्राइक से बड़ा संकट खड़ा हो गया है. इस स्ट्राइक के कारण गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह सहित राज्य के कई इलाकों में  बिजली कटौती, पानी की सप्लाई और उद्योग पर भारी असर हो रहा है.

बता दें, गुरुग्राम में बुधवार देर रात से ही बड़े पैमाने पर बिजली कटौती की खबर है. गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच महज दो घंटे की अस्थायी राहत मिलने के बाद दोबारा बत्ती गुल हुई, जिसके चलते शहर के ज्यादातर इलाके अंधेरे में डूब गए.

Advertisement

सब-डिवीजन सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 व 3, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-4, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार सब-डिवीजन, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 जैसे घनी आबादी वाले इलाकों से बिजली कटौती की सबसे अधिक शिकायतें सामने आ रही हैं. वहीं, पानी की किल्लत से हाहाकार मच गया है.

तीन बजे बैठक

इस बीच, पंचकूला में हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज ने बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बिजली कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने की अपील करते हुए कहा कि मामले का समाधान लगभग हो चुका है. इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से भी बातचीत कर ली गई है और आज दोपहर तीन बजे कर्मचारी नेताओं के साथ बैठक भी होगी.

वहीं, नूंह जिले में बिजली गुल हुए लगभग 24 घंटे हो चुके हैं. बिजली कटौती से आम लोग प्रभावित हैं और मवेशियों के लिए भी पीने के पानी का संकट है. बिजली के उपकरण शोपीस बन गए हैं और पुलिस बिजली दफ्तरों की सुरक्षा कर रही है. सोनीपत में भी बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर दिख रहा है, इलाके में बिजली गुल है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में आधी रात से ब्लैकआउट... 7 घंटे में 5500 शिकायतें, अंधेरे में डूबे दर्जनों इलाके, हड़ताल से हाहाकार

इस बीच, बिजली कटौती को लेकर रेवाड़ी में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने नेशनल हाईवे 352 जाम कर दिया. बिजली जाने के बाद पलहावास और आसपास के गांवों के लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए. 

बिजली कर्मचारी प्राइवेटाइजेशन के विरोध में तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं, जिसके चलते 72 घंटों तक बिजली सेवाएं बाधित रहने की आशंका है.

इस बीच, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए लिखा, 'हरियाणा के सीएम हैं नायब, प्रदेश में बिजली है गायब.'

गुरुग्राम के DC ने बिजली संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. डिप्टी कमिश्नर (डीसी) गुरुग्राम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. पोस्ट में बताया गया है कि जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिजली सप्लाई से जुड़ी किसी भी समस्या, तकनीकी खराबी या पावर कट की जानकारी इन हेल्पलाइन नंबर पर दें:

  • इलेक्ट्रिसिटी हेल्पलाइन: 1912 / 1800-180-4334
  • WhatsApp हेल्पलाइन: 8813999708 / 9540954768
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »