गुजरात: शादी समारोह से लौट रहा था परिवार... पिकअप पलटने से 8 लोगों की मौत, 40 घायल

वलसाड जिले के कपराडा तालुका में शादी से लौट रहे परिवार की पिकअप पलटने से बड़ा हादसा हो गया. मौके पर 6 लोगों की मौत हुई, जबकि 2 ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. हादसे में 40 लोग घायल हुए हैं. चालक के स्टीयरिंग से नियंत्रण खोने से दुर्घटना हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार.(Photo: Kaushik Joshi/ITG) शादी समारोह से लौट रहा था परिवार.(Photo: Kaushik Joshi/ITG)

aajtak.in

  • वलसाड,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:29 PM IST

गुजरात के वलसाड जिले के कपराडा तालुका के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 40 लोग घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था. खुशियों से भरी यात्रा अचानक मातम में बदल गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.

जानकारी के अनुसार, कपराडा के गिरनारा गांव का एक परिवार कोलवेरा गांव में पारंपरिक रस्म “आणुं” में शामिल होने गया था. रस्म पूरी करने के बाद परिवार के सदस्य एक पिकअप गाड़ी में सवार होकर वापस लौट रहे थे. गाड़ी में करीब 40 लोग सवार थे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: वलसाड के कुंभ घाट पर भीषण सड़क हादसा... इको और ट्रक की टक्कर में 7 की मौत, एक ही परिवार के 5 लोग खत्म

बताया जा रहा है कि रास्ते में टेम्पो चालक अचानक स्टीयरिंग पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार में पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

एम्बुलेंस में दम तोड़ने से मृतकों की संख्या बढ़ी

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. इस दौरान 2 अन्य व्यक्तियों की एम्बुलेंस में इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई. इस तरह कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई.

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी.

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारी और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

गांव में पसरा मातम, जांच शुरू

इस हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की और घायलों को हर संभव सहायता देने की बात कही.

शादी के खुशी भरे माहौल से लौटते समय हुए इस हादसे ने गिरनारा गांव को गमगीन कर दिया है. पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जता रहे हैं.

फिलहाल पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट - कौशिक जोशी

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »