20 करोड़ के चमत्कारी सुलेमानी पत्थर के नाम पर ठगी, लाइव डेमो वीडियों में दिखाया था ‘चमत्कार'

वडोदरा की कपूराई पुलिस ने 20 करोड़ रुपये के चमत्कारी सुलेमानी काले पत्थर के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है. गिरोह फर्जी वीडियो और लाइव डेमो दिखाकर लोगों को भ्रमित करता था. सौदा फेल होने पर इन्होंने एक ज्योतिषी और उसके साथी को होटल में बंधक बनाकर 50 हजार रुपये की फिरौती की धमकी दी. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
ठगी के आरोप में तीन गिरफ्तार. (Photo: Brijesh Doshi/ITG) ठगी के आरोप में तीन गिरफ्तार. (Photo: Brijesh Doshi/ITG)

ब्रिजेश दोशी

  • वडोदरा,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:03 PM IST

वडोदरा में कपूराई पुलिस ने एक बड़े ठगी गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो सुलेमानी काला पत्थर के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये की ठगी का शिकार बनाता था. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य संभावित संबंधों की जांच जारी है. जानकारी के अनुसार, यह गिरोह दावा करता था कि उनके पास एक ऐसा चमत्कारी पत्थर है जिसे पास रखने से किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होता. यहां तक कि चाकू और ब्लेड जैसी तेज चीजें भी शरीर को नुकसान नहीं पहुंचा सकतीं. इसी झांसे में लोगों को फंसाकर यह गिरोह मोटी रकम वसूलने की कोशिश करता था.

Advertisement

इस मामले की शुरुआत तब हुई जब वडोदरा के कलादर्शन चार रास्ता इलाके में रहने वाले ज्योतिषी योगेशभाई पंड्या को उनके ड्राइवर मनोज के जरिए भावनगर के रहने वाले विजयसिंह गोहिल के बारे में जानकारी मिली. विजयसिंह ने दावा किया कि उसके पास एक ऐसा सुलेमानी पत्थर है जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपये है और जिसे रखने से कोई भी हथियार शरीर को नुकसान नहीं पहुंचा सकता.

लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने एक एडिट किया हुआ फर्जी वीडियो भी भेजा, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ पर ब्लेड से वार करने के बाद भी खून नहीं निकलता दिखाया गया था. इस वीडियो के जरिए लोगों को यह यकीन दिलाने की कोशिश की गई कि पत्थर सच में चमत्कारी है. इसके बाद कंचनबेन नाम की एक परिचित महिला ने जगदीशभाई नाम के व्यक्ति को इस पत्थर को खरीदने के लिए राजी किया. सौदा पक्का करने के लिए विजयसिंह गोहिल, महबूब, अकरम और उनका ड्राइवर वडोदरा के कपूराई चौकड़ी पहुंचे.

Advertisement

50 हजार की फिरौती की धमकी

शाम के समय शिकायतकर्ता के घर पर ग्राहक जगदीशभाई की मौजूदगी में पत्थर का लाइव डेमो दिया गया. आरोपियों ने पहले कैंची से बाल काटने का नाटक किया और फिर ब्लेड और चाकू से हाथ पर वार करने का दिखावा किया. इस डेमो के बाद जगदीशभाई को यकीन हो गया और उन्होंने भरोसा कर लिया कि पत्थर वास्तव में चमत्कारी है.

इसके बाद विजयसिंह ने इस पत्थर की कीमत 20 करोड़ रुपये बताई. अगले दिन सभी आरोपी वडोदरा के कपूराई चौकड़ी के पास स्थित माउंट व्यू होटल के कमरा नंबर 210 में आगे की बातचीत के लिए इकट्ठा हुए. इस दौरान ग्राहक जगदीशभाई ने खरीदारी से पहले एक बार फिर डेमो देखने की मांग की. इस पर आरोपी भड़क गए और उन्होंने कहा कि पहले पैसे दिखाओ तभी डेमो मिलेगा. इसी बात पर ग्राहक को शक हुआ और वह वहां से चला गया.

सौदा फेल होने के बाद गिरोह ने अपना असली रूप दिखा दिया. उन्होंने ज्योतिषी योगेशभाई पंड्या और उनके दोस्त दीपक को कमरे में बंधक बना लिया और 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की. उन्होंने धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर जान से मार दिया जाएगा. हालांकि, योगेशभाई ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बचाने का तरीका निकाला. उन्होंने एटीएम से पैसे निकालने का बहाना बनाया और अपने दोस्त के साथ वहां से भागने में सफल हो गए. इसके बाद उन्होंने सीधे कपूराई पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी.

Advertisement

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और होटल में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके पास से संबंधित सामान भी बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी भावनगर के रहने वाले हैं और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने पहले भी इसी तरह की ठगी की घटनाएं की हैं या नहीं. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »