राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर एकता नगर में शाम 5 बजे परेड शुरू हो गई है. इस बार परेड को पहले के मुकाबले ज्यादा भव्य और विविधतापूर्ण बनाया गया है. परेड में कुल 15 झांकियां शामिल हैं, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण हैं.
परेड के दौरान करीब 5,000 कलाकार 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे हैं. कलाकारों की प्रस्तुतियों के जरिए एकता और विविधता का संदेश दिया जा रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर स्थित वामन वृक्ष वाटिका का दौरा किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यहां मौजूद बोनसाई के संग्रह, थीम आधारित गार्डन और शांत वातावरण की तारीफ की.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वामन वृक्ष वाटिका में बोनसाई की खूबसूरत कलेक्शन देखने को मिली. उन्होंने कहा कि यह जगह प्रकृति की खूबसूरती और रचनात्मकता को करीब से समझने का शानदार अवसर देती है. उन्होंने यह भी बताया कि यहां पर्यटकों के लिए 'Make Your Own Bonsai' का अनुभव भी उपलब्ध है, जो इस जगह को और खास बनाता है.
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस कार्यक्रम को लेकर एकता नगर में खास तैयारियां की गई हैं. परेड शुरू होने के साथ ही कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और झांकियों का सिलसिला भी जारी है.
श्वेता सिंह / जितेंद्र बहादुर सिंह