गुजरात के सूरत शहर में ट्रक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले इंटर स्टेट गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले 30 साल के मुज्जमिल खान उर्फ मोहिउद्दीन खान और 19 साल के अजहर सफीक शेख के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के ट्रक, वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन, गैस कटर और अन्य सामान सहित कुल 15.35 लाख रुपये का माल बरामद किया है.
ये आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए थे, जिसका वीडियो सामने आया है. घटना सूरत के इच्छापोर थाना क्षेत्र की है. वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा है. तभी अचानक कोई ड्राइवर उसे चलाकर ले जा रहा है. ट्रक मालिक की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और ट्रक चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया.
यहां देखें वीडियो
आरोपी दिन के समय ट्रकों की रेकी करते थे. जो लंबे समय से एक ही जगह पर पार्क रहते थे. इसके बाद मौका देखकर ट्रक चोरी कर लेते थे. चोरी के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी ट्रक को किसी सुनसान जगह पर ले जाते और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे. ताकि वाहन की असली पहचान छिपाई जा सके. इसके बाद गैस कटर की मदद से चोरी किए गए ट्रक को काटकर उसके अलग-अलग पुर्जे कर देते थे.
यह भी पढ़ें: गैंगस्टर अमृतपाल बाठ कनाडा में गिरफ्तार, हत्या समेत 20 मामलों में वांछित
इन पुर्जों को कबाड़ में बेच दिया जाता था. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की. शहर और हाइवे के अलग-अलग रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया. लगातार चार दिनों तक जांच के बाद पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले. सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने विनायक विला सोसायटी के पास नजर रखी. इसके बाद छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मुज्जमिल खान पेशे से ड्राइवर है. वहीं दूसरा आरोपी 19 साल अजहर सफीक शेख सूरत के कृष्णा विला सोसायटी का रहने वाला है और कबाड़ के कारोबार से जुड़ा था.
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 15 लाख 35 हजार रुपये का जब्त किया है. इसमें चोरी किया गया ट्रक जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है. टेंपो करीब 4 लाख रुपये, एक कार करीब 5 लाख रुपये, दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर, दो एलपीजी गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन और पांच अलग-अलग नंबर प्लेट शामिल हैं. पुलिस को आशंका है कि यह गैंग केवल सूरत तक सीमित नहीं था, बल्कि अन्य जिलों में भी भारी वाहनों की चोरी कर चुका हो सकता है. पुलिस जांच कर रही है.
संजय सिंह राठौर