सूरत शहर के लालगेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आने वाले होडी बंगला मुसीबतपुरा इलाके में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां 30 वर्षीय युवक अल्तमस अंसारी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल फैल गया. जानकारी के अनुसार, मृतक अल्तमस अपने घर के पास खड़ा था, तभी उसका दूर का मामा मोहम्मद शफी उर्फ शेरा वहां पहुंचा. किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई. इसके बाद आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा हुआ धारदार चाकू निकाल लिया और अल्तमस पर हमला कर दिया.
आरोप है कि आरोपी ने अल्तमस पर लगातार 6 बार चाकू से वार किए. गंभीर चोटों के कारण अल्तमस खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा. अचानक हुए हमले से इलाके में चीख-पुकार मच गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अल्तमस को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में तनाव फैल गया.
अवैध संबंध के शक में हत्या
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे अवैध संबंध को लेकर विवाद और पारिवारिक रंजिश हो सकती है. बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच कथित संबंधों पर शक था, जिससे वह नाराज था. घटना की सूचना मिलते ही लालगेट पुलिस स्टेशन के अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शफी उर्फ शेरा को हिरासत में ले लिया.
सूरत पुलिस के डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश और रिश्तों के विवाद से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच में लगी हुई हैं और आरोपी को जल्द पकड़ लिया गया. पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी को सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पास से गिरफ्तार किया गया. उसे फील्ड वर्क और सूचना के आधार पर पकड़ा गया. आरोपी से पूछताछ जारी है.
मामले में शिकायतकर्ता फरहीन, जो मृतक की बहन हैं, उनकी तरफ से दर्ज शिकायत में बताया गया कि आरोपी की पत्नी और मृतक के बीच संबंधों के शक के चलते यह हत्या की गई. इसी रंजिश में आरोपी ने अल्तमस पर शरीर के कई हिस्सों पर जानलेवा वार किए.
पुलिस ने हत्या के आरोपी को अरेस्ट किया
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) और जीपी एक्ट की धारा 135(1) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सूरत शहर में लगातार तीसरे दिन हत्या की यह तीसरी घटना सामने आई है, जिससे कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है.
संजय सिंह राठौर