गुजरात के सूरत में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने बड़ी बेरहमी से अपनी 5 साल की फूल जैसी मासूम बच्ची की पटक-पटक कर हत्या कर दी. मां की करतूत का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ, जिसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है.
घटना सूरत के चौक बाजार थाना क्षेत्र की है. दरअसल, एक महिला अपनी बच्ची को घायल अवस्था में लेकर सिविल अस्पताल पहुंची थी. महिला ने डॉक्टरों को बताया था कि उसकी बच्ची को मिर्गी आ गई थी और वह गिर गई थी. इस वजह से उसे चोट लगी है.
बच्ची के शरीर पर चोट के निशान से हुई थी शंका
सिविल अस्पताल में इलाज के बाद बच्ची की मौत हो गई. अस्पताल प्रशासन की तरफ से चौक बाजार थाने की पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची. प्राथमिक रूप से बच्ची के शरीर पर जो चोट के निशान थे. इस पर पुलिस को शंका हुई. उसके आधार पर पुलिस और अस्पताल के डॉक्टर पैनल ने पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साबित हुआ कि बच्ची के शरीर पर जो चोट लगी है, वह सामान्य गिरने से नहीं लगी है. यह दबाव के कारण लगी है. इसके बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने हत्या की आशंका व्यक्त की थी.
हत्या की आशंका पर पुलिस ने जब मृतक बच्ची के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ शुरू की, तो मां ने ही हत्या का खुलासा कर दिया. आरोपी महिला ने बताया कि बच्ची दिव्यांग थी और काफी परेशान करती थी.
इससे तंग होकर उसने ही गुस्से में आकर जमीन पर कई बार पटक दिया, जिसमें बच्ची घायल हो गई थी. अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई. इस खुलासे के बाद पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
संजय सिंह राठौर