अहमदाबाद: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, आग लगने से 8 लोगों की मौत

अहमदाबाद में शनिवार को अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से ज्यादा लोग घायल हो गए. हादसा रामोल-गात्राड रोड के पास हुआ. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है. पुलिस गैर इरादतन हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करेगी. एफएसएल की टीम विस्फोट के कारणों और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच कर रही है.

Advertisement
घटना करीब शाम चार बजे की बताई जा रही है. Photo ITG घटना करीब शाम चार बजे की बताई जा रही है. Photo ITG

ब्रिजेश दोशी

  • अहमदाबाद,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:32 PM IST

गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को अवैध रूप से चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया. यह हादसा रामोल-गात्राड रोड नहर के किनारे खुले मैदान में संचालित इकाई में हुआ. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई.

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दो लोगों की मौत की जानकारी मिली थी, लेकिन राहत और बचाव अभियान आगे बढ़ने पर मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई. हादसे में 8 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

 

दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

पुलिस ने कहा कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी. मामले में गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा.

विस्फोट के कारणों का पता लगाने और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) समेत अन्य जांच एजेंसियों की टीमों को मौके पर बुलाया गया है.

संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस, अहमदाबाद नगर निगम और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया. अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 से अधिक लोग घायल हैं. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Advertisement

आरएएफ 100 के कमांडेंट अधिकारी रितुल दाह ने बताया कि दोपहर 3:24 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके तुरंत बाद क्विक रिएक्शन टीम, एंबुलेंस और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे. बचाव अभियान के दौरान कई शव और घायल लोग घटनास्थल से करीब 50 मीटर तक आसपास के खेतों में बिखरे मिले. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और मृतकों के शव भी अस्पताल पहुंचाए गए.

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फैक्ट्री संचालकों के पास वैध लाइसेंस था या नहीं. यदि कोई अनियमितता या कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो एफआईआर दर्ज कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राहत और तलाशी अभियान अभी भी जारी है और जांच के बाद हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »