सूरत के गोड़ादरा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है. यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने और उसके शव को छिपाने का गंभीर आरोप लगा है. इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद ही पुलिस थाने जाकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच को गुमराह करने की कोशिश भी की.
मामला सूरत शहर के गोड़ादरा क्षेत्र का है, जहां रहने वाले 40 वर्षीय विशाल रणछोड़भाई साल्वी ने अपनी 39 वर्षीय पत्नी शिल्पा साल्वी के लापता होने की शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी. शिल्पा पेशे से डाइटिशियन थीं. पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला की तलाश शुरू की, लेकिन जांच के शुरुआती चरण में ही मामला संदिग्ध नजर आने लगा.
संदूक में शव रखने के बाद डाल दिया सीमेंट
जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक चौंकाने वाला सबूत लगा. दरअसल, आरोपी विशाल साल्वी ने अपने घर में एक चिट्ठी छोड़ रखी थी, जिसमें उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की थी. यह चिट्ठी उसके नाबालिग बेटे को मिली, जिसने इसे पुलिस को सौंप दिया. चिट्ठी में आरोपी ने लिखा था कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और उसकी पत्नी अब इस दुनिया में नहीं रही.
इस खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत जांच की दिशा बदल दी और आरोपी के पुराने ठिकानों पर छानबीन शुरू की. इसी दौरान पुलिस सलाबतपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली श्रमजीवी सोसाइटी स्थित एक पुराने और बंद पड़े मकान तक पहुंची. जब पुलिस ने मकान का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था.
घर के एक कमरे में रखे लकड़ी के संदूक से तेज दुर्गंध आ रही थी. जब संदूक को खोला गया, तो उसमें शिल्पा साल्वी का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. जानकारी के मुताबिक शव को छिपाने के लिए संदूक में सीमेंट भी भरा गया था, ताकि बदबू बाहर न आए और किसी को शक न हो. शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या करीब चार से पांच दिन पहले की गई थी.
पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद
प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. इसी शक के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. सूरत पुलिस की डीसीपी डॉ. कानन देसाई ने बताया कि आरोपी ने दो दिन पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच के दौरान मिली चिट्ठी ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. उन्होंने बताया कि फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम की भी मदद ली जा रही है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस बात से हैरान हैं कि एक व्यक्ति किस तरह इतनी बड़ी साजिश रच सकता है. फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.
संजय सिंह राठौर