गिर के जंगल में दहाड़ की वापसी... केयर सेंटर से फिट होकर लौटे 11 शेर, 6 अब भी निगरानी में... 8 शेरों की हो चुकी है मौत

गुजरात में फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के एनिमल केयर सेंटर में रखे गए 17 शेरों में से 11 शेर खतरे से बाहर हैं. इन सभी शेरों को वापस जंगल में छोड़ दिया गया है. अभी 6 शेर रेस्क्यू सेंटर में हैं, जिनको एक-दो दिन में छोड़ा जाएगा. बीते दिनों फॉरेस्ट रेंज में 8 शेरों की मौत हो गई थी. फिलहाल माना जा रहा है कि अब शेरों पर से खतरा टल चुका है और शेर अब खतरे से बाहर हैं.

Advertisement
अभी भी 6 शेर रेस्क्यू सेंटर में रखे गए. (Photo: Screengrab) अभी भी 6 शेर रेस्क्यू सेंटर में रखे गए. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • गिर सोमनाथ,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:55 PM IST

गुजरात के गिर जंगल से ऐसी खबर सामने आई है, जिसमें राहत भी है और चिंता भी. एक तरफ जहां फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने 17 में से 11 शेरों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल में छोड़ दिया है, वहीं दूसरी तरफ 6 शेर अभी भी रेस्क्यू सेंटर में ऑब्जर्वेशन में रखे गए हैं. कुछ समय पहले गिर के जसाधार और बाबरिया फॉरेस्ट रेंज में 8 शेरों की मौत से हड़कंप मच गया था. शुरुआती जांच में संदेह जताया गया कि इन मौतों के पीछे इतरडी नामक परजीवी और बेबेसिया इन्फेक्शन जैसी बीमारियां हो सकती हैं.

Advertisement

जब यह मामला बढ़ा तो वन विभाग हरकत में आया. और फिर शुरू हुआ बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन. कुल 17 शेरों को पकड़कर दो अलग-अलग एनिमल केयर और रेस्क्यू सेंटर में रखा गया- जसाधार और जामवाला में. यह वो वक्त था जब पूरे सिस्टम की नजर सिर्फ एक सवाल पर थी- क्या बाकी शेर भी खतरे में हैं?

यहां देखें Video

कई दिनों की निगरानी, मेडिकल जांच और इलाज के बाद अब फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने राहत की खबर दी है. 17 में से 11 शेर पूरी तरह स्वस्थ हैं. इन शेरों को वापस उनके घर- यानी जंगल में छोड़ दिया गया. जसाधार फॉरेस्ट से 4 शेरों को रिलीज किया गया, जबकि जामवाला सेंटर से 7 शेरों को वापस जंगल में भेजा गया.

वीडियो और तस्वीरों में ये दृश्य बेहद खास था- एक-एक कर शेरों का जंगल की ओर बढ़ना, जैसे वे फिर से अपनी दुनिया में लौट रहे हों. जहां एक तरफ 11 शेर जंगल में वापस लौट चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ 6 शेर अभी भी रेस्क्यू सेंटर में हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: गुजरात में संक्रामक वायरस से 8 शेरों की मौत, गिर क्षेत्र में अलर्ट, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात

इनमें जामवाला सेंटर में 2 वयस्क शेर और 1 शावक है, वहीं जसाधार सेंटर में 2 शावक और 1 शेरनी है. इन सभी को अभी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. वन विभाग का कहना है कि इनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही इन्हें छोड़ा जाएगा.

खतरा काफी हद तक टल चुका है- वन विभाग

वन विभाग के अनुसार, स्थिति अब पहले से काफी बेहतर है. डीसीएफ स्तर पर भी इसकी पुष्टि की गई है कि जिन शेरों की हालत ठीक थी, उन्हें जंगल में वापस भेज दिया गया है. लेकिन साथ ही यह भी साफ है कि निगरानी अभी खत्म नहीं हुई है. इस पूरे मामले की जड़ वही 8 शेरों की मौत है, जिसने गिर के पूरे इकोसिस्टम को हिला दिया था. शुरुआती जांच में इन्फेक्शन की आशंका जताई गई, लेकिन अभी भी अंतिम कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. गिर में 11 शेरों की वापसी एक राहत की खबर जरूर है, लेकिन 6 शेर अभी भी निगरानी में हैं.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: दिलीपभाई पंजाभाई मोरी)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »